बिलासपुर के सरकारी पोल्ट्री फार्म में हुई बर्ड फ्लू की पुष्टि, जिसके बाद जिंदा दफनाये गये सैकड़ों मुर्गे, हजारों की मौत।

बिलासपुर : बर्ड फ्लू की जानकारी सामने आने के बाद हड़कम्प मच गया है। बिलासपुर स्थित शासकीय कुक्कुट पालन प्रक्षेत्र में बर्ड फ्लू फैलने की पुष्टि हो गई है। राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान आनंद नगर भोपाल स्थित लैब से आई रिपोर्ट में एवियन इन्फ्लूएंजा एच 5 एन 1 वायरस की पहचान होने के बाद पोल्ट्री फार्म में जिंदा मुर्गा-मुर्गियों, चूजे, अंडा आदि को दफनाया जा रहा है, बीते दिनों अचानक से कई मुर्गे मरने लगे थे। इसके लिए नौ सदस्यीय टीम का गठन किया गया है, जो मंगलवार रात से काम शुरू कर दिया है। इस मामले में कलेक्टर संजय अग्रवाल भी स्थिति का जायजा लेने शाम पोल्ट्री फार्म पहुंचे।

हजारों पक्षियों की मौत के बाद हड़कंप :

कोनी स्थित सरकारी पोल्ट्री फार्म स्थित पक्षियों में बर्ड फ्लू के लक्षण 18 मार्च को ही दिखने शुरू हो गये थे। जिसके बाद पक्षी एक-एक करके मर रहे थे। सोमवार तक पांच हजार से अधिक पक्षियों की मौत हो चुकी थी। लगातार मौत होने के बाद पोल्ट्री फार्म के प्रबंधक डा संजय राज ने इसकी जानकारी आला अधिकारियों को दी थी। इसके बाद से विभाग में हड़कंप मच गया था। मंगलवार की सुबह रायपुर से डॉ. नलिनी, डॉ. अर्पणा समेत लैब से टीम सीधे पोल्ट्री फार्म पहुंची। इधर, सोमवार को ही मृत पक्षियों के सैंपल को जांच के लिए भोपाल स्थित राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान आनंद नगर भोपाल की लैब में भेजा गया था। जिसके बाद जांच का इंतजार किया जाने लगा।

H5N1 वायरस की पुष्टि :

वहां से रिपोर्ट सीधे शासन को भेजा गया था। इसमें बर्ड फ्लू एच 5 एन 1 इन्फ्लूएंजा वायरस की पुष्टि हुई है। संयुक्त संचालक डॉ. जीएसएस तंवर ने पोल्ट्री फार्म के मुर्गा-मुर्गियों, चूजे, अंडे, दाना और बोरियों को नष्ट करने के लिए नौ सदस्यीय टीम बनाई है। मंगलवार की शाम सात बजे टीम के सदस्य पीपीई किट पहनकर पोल्ट्री फार्म पहुंचे। यहां गहराई से खोदकर जिंदा और मृत दोनों पक्षियों को रासायनिक तत्व के साथ दफनाया गया है। इसके साथ ही पूरे फार्म को सैनिटाइज किया गया है, पूरी सावधानी बरती गई है।

छह हजार से अधिक मुर्गी-मुर्गियां, चूजे और बतख :

सरकारी पोल्ट्री फार्म में मुर्गा-मुर्गियों के लेयर, ब्रायलर, बैकयार्ड पोल्ट्री बर्ड प्रजातियां शामिल हैं। इसके अलावा 350 से अधिक बतख, बटेर, कबूतर, सैकड़ों चूजे आदि पालन के लिए रखे गए थे। इन सभी को नष्ट किया जायेगा। इसके साथ ही आसपास के सभी पक्षियों को मारने का भी अभियान शुरू होगा।

कीटाणुशोधन टीम में ये हैं शामिल :

अब बर्ड फ्लू की पुष्टि होने के बाद पशु चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं के संयुक्त संचालक डॉ. जीएसएस तंवर ने आनन-फानन में रेपिड रिस्पांस टीम का गठन किया गया है। इसमें डॉ. आरके तिवारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। वहीं टीम में डॉ. आनंद रघुवंशी, एसके राठौर, फहीम खान, परिचारक गौकरण कौशिक, गौरीशंकर पटेल, जनक कौशिक, पुरुषोत्तम कौशिक और अजय लोधी शामिल हैं। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आदेश जारी कर पोल्ट्री फार्म से एक किलोमीटर के दायरे को संक्रमित क्षेत्र घोषित कर दिया है। इसके अलावा 10 किलोमीटर के दायरे को सर्विलांस क्षेत्र में मैपिंग कर लोगों को जागरूक करने के लिए साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

सर्विलांस जोन में पोल्ट्री उत्पादों के क्रय-विक्रय पर पूर्ण प्रतिबंध :

सर्विलांस जोन में पोल्ट्री उत्पादों के क्रय-विक्रय और परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। आदेश में पुलिस अधीक्षक, वन मंडलाधिकारी एवं जिला परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने विभागों के माध्यम से चेकपोस्ट स्थापित कर सर्विलांस जोन के भीतर और बाहर पोल्ट्री पक्षियों की आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखें। साथ ही अन्य क्षेत्रों में भी पोल्ट्री मूवमेंट पर सतत नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित प्रोटोकाल के तहत आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए समय-समय पर जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि संक्रमण के फैलाव को प्रभावी रूप से रोका जा सके।

भोपाल स्थित लैब से रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। इसके बाद से पोल्ट्री फार्म के सभी पक्षियों को दफनाने का काम शुरू हो गया है। फार्म के आसपास खोदाई करके एक निश्चित गहराई में पक्षियों को नष्ट किया जाएगा। : डॉ. जीएसएस तंवर, संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवायें