छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम, बारिश-आंधी और वज्रपात की चेतावनी।

रायपुर : मौसम में अस्थिरता बनी हुई है, छत्तीसगढ़ में अब मौसम का रुख धीरे-धीरे बदलता हुआ नजर आ रहा है। फिलहाल प्रदेश में तापमान सामान्य बना हुआ है, लेकिन मौसम विभाग ने आने वाले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोत्तरी की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कई क्षेत्रों में हल्की बारिश, गरज-चमक, तेज हवायें और वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है। जल्द ही मौसम में बड़ा बदलाव होगा।

प्रदेश में दिन और रात के तापमान में स्पष्ट अंतर देखा जा रहा है, सुबह का मौसम काफी ठंडा है, जबकि दिन का तापमान काफी ज्यादा है। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.0°C राजनांदगांव में दर्ज किया गया है। वहीं न्यूनतम तापमान 16.7°C अंबिकापुर रिकॉर्ड किया गया है। हालांकि अभी मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं है, लेकिन स्थानीय स्तर पर हल्की गतिविधियां जारी है।

मौसम विभाग के अनुसार गंगीय पश्चिम बंगाल से ओड़िशा होते हुए दक्षिणी छत्तीसगढ़ तक समुद्र तल से करीब 1.5 किमी ऊपर एक द्रोणिका (ट्रफ) सक्रिय है। इसी सिस्टम के कारण प्रदेश में मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। इससे आने वाले 24 घंटों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ: गरज-चमक, वज्रपात की संभावना है। 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवायें भी चल सकती है।