चुरामन साहू से की मारपीट, मामला दर्ज होने के बाद खा लिया जहर, नजीर खान और फैज खान से सट्टापट्टी लिखने पर हुआ था विवाद।

बालोद : जिले में सट्टा लिखने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से काउंटर एफआईआर दर्ज कराई गई थी। जिसके बाद मारपीट में घायल एक युवक ने आहत होकर खुदकुशी करने की कोशिश की, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज अब भी जारी है। इस पूरे मामले की कार्यवाही बालोद थाना के अंतर्गत की जा रही है।

घटना में मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना दो दिन पहले की है। घायल युवक चुरामन साहू सट्टा नंबर लिखाने के लिये बालोद शहर के रेलवे कॉलोनी में रहने वाले नजीर खान और फैज खान की दुकान पहुंचा था। इसी दौरान सट्टा लिखने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। आरोप है कि नजीर खान और फैज खान ने अपने माता-पिता के साथ मिलकर युवक की जमकर पिटाई कर दी थी, जिससे उसके नाक में गंभीर चोटे आई। इस घटना के दौरान युवक ने अपना वीडियो भी बनाया था।

इस घटना के बाद घायल युवक चुरामन साहू ने आरोपियों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया, लेकिन दूसरी ओर से भी आरोपियों ने युवक के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाते हुए काउंटर एफआईआर दर्ज करा दी गई। इस मामले में काउंटर एफआईआर दर्ज होने से आहत पीड़ित युवक ने जहर सेवन कर खुदकुशी करने की कोशिश की है। हालत बिगड़ने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।