राजनांदगांव : हर व्यक्ति की सोच के अनुसार देखने की अपनी नजर होती है, लेकिन जरुरी चीज जिस पर आपका ध्यान नहीं जाता, उसकी तरफ हम आपको लेकर जा रहे है, सोशल मीडिया पर आपकी डाली गई फोटो के साथ क्या हो सकता है, वो आप इस खबर से समझ सकते है। मामला है छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में फर्जी मैरिज ब्यूरो का खुलासा हुआ है। बताया जा रहा है कि यहाँ लव लाइफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो का संचालन कर आरोपी युवतियों की फर्जी फोटो डाउनलोड कर उनकी फर्जी आईडी बनाते थे। इसे युवकों को भेज इनसे मीटिंग फिक्स करवाने और शादी लगाने का झांसा देकर मोटी रकम वसूलते थे।
इस मामले में एसपी अंकिता शर्मा को इसकी एक गुमनाम शिकायत मिली थी, जिसे उन्होंने गंभीरता से लिया और जांच के निर्देश दिए। एसपी के निर्देश पर पुलिस ने जब छापा मारा गया तो उनकी मोबाईल में 2286 युवतियों की फोटो इंटरनेट, सोशल मीडिया से डाउनलोड मिली है, जिनका प्रयोग करके फर्जी प्रोफाइल बनाकर युवकों को भेजा जाता था। पुलिस ने इस मामले में फर्जी मैरिज ब्यूरो का संचालन करने वाली एक युवती और एक युवक को गिरफ्तार किया है।इस मामले की कार्यवाही बसन्तपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत की जा रही है।
कुछ लोग प्यार और रिश्तों के नाम पर युवकों और उनके परिवार की मेहनत की कमाई हड़प रहे थे। इसकी एक गुमनाम शिकायत एसपी अंकिता शर्मा को मिली थी। इस पर उनके निर्देश के बाद जांच हुई और बसंतपुर थाना पुलिस ने लव लाईफ रिश्ते मैरिज ब्यूरो की संचालिका नेहा पाठक (23) और धर्मेन्द्र मानिकपुरी (32) को गिरफ्तार कर फर्जी खेल को बेनकाब किया गया है। वर्तमान मेंयुवतियां आत्मनिर्भर बनने के चक्कर में विवाह देर से कर रही है और वो लिव इन में रहना पसंद कर रही है, जिससे शादियाँ होने में दिक्कत जा रही है, जिससे कई युवा परेशान है, उसी का फायदा ये ठगबाज लगातार उठा रहे है।
वहीँ इस मामले की पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने युवतियों के फोटो सोशल मीडिया और इंटरनेट से डाउनलोड कर फर्जी प्रोफाइल बनाई थी और व्हाट्सएप के माध्यम से युवकों को भेजी गई थी। इसके बाद रजिस्ट्रेशन, पैकेज और फैमिली मीटिंग के नाम पर 30–40 हजार रुपये तक की ठगी की है। पिछले एक साल के बैंक स्टेटमेंट से पता चला है कि कुल 37 लाख 69 हजार का लेन-देन हुआ है।
मोबाइल की जांच में मिले 2286 युवतियों के फोटो :
मामला सामने आने पर पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने जांच के लिए एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन ( आईपीएस) की टीम बनाई। दोनों अधिकारियों ने एसपी के निर्देश पर जांच शुरू की गई। जांच में शिकायत की पुष्टि हुई और अधिकारियों को ठगी के संबंध में महत्वपूर्ण तथ्य मिले, जिसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक एमन साहू और उनकी टीम ने मैरिज ब्यूरो में छापा मारा गया। उन्हें मौके से 07 एंड्रॉइड मोबाईल, 14 की-पैड मोबाइल और 09 रजिस्टर/कॉपी जब्त किये गये है।
मोबाईल की जांच में 2286 युवतियों के फोटो पाये गये है, जिनसे फर्जी प्रोफाईल बनाकर युवकों को भेजा जाता था। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। वहीं अन्य संदिग्धों की तलाश भी पुलिस कर रही है।इस कार्यवाही में नेहा पाठक, पिता शंकरनाथ पाठक, लेबर कॉलोनी, वार्ड नं. 17, थाना सिटी कोतवाली, राजनांदगांव। धर्मेन्द्र मानिकपुरी, पिता स्व. कमल दास, ग्राम जंगलपुर, कबीरधाम, हाल मुकाम – रिद्धि-सिद्धि कॉलोनी, थाना बसंतपुर। को गिरफ्तार किया गया है।
वहीँ इस मामले के सामने आने के बाद राजनांदगांव पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन मैरिज ब्यूरो या व्हाट्सएप के माध्यम से मिलने वाले विवाह प्रस्तावों पर बिना सत्यापन के कभी पैसे न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाना को दें। यदि किसी भी कार्य के लिये आप पैसे दे रहे है तो सामने मिलकर और पूरी जांच कर ही पैसों का लेनदेन करें।



