गुलाब साहू ने अपनी पत्नी और बेटी की कुल्हाड़ी से की हत्या, रह चुका है पूर्व पुलिसकर्मी।

रायपुर : राजधानी में अपराध और हत्यायें लगातार बढ़ रही है, ऐसे ही रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सेमरिया गांव में एक पूर्व पुलिसकर्मी ने अपनी पत्नी और सौतेली बेटी की कुल्हाड़ी (टंगिया) से हत्या कर दी है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। आरोपी ने इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया है, जिससे हर कोई अचम्भित है।

सुबह 7 बजे की वारदात, घर में मचा कोहराम :

इस मामले में प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी गुलाब साहू ने सुबह करीब 7 बजे अपनी पत्नी लता साहू और 22 वर्षीय बेटी चित्रा पर ताबड़तोड़ वार कर दिया था। इस हमले में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गये, डर के मारे किसी ने बीच बचाव नहीं किया।

चार साल पहले हुई थी दूसरी शादी :

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि गुलाब साहू और लता साहू ने करीब चार साल पहले दूसरी शादी की थी। चित्रा, लता की पहले पति से बेटी थी। पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है। घटना को लेकर बताया जा रहा है कि सुबह किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, जो इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर टंगिया उठा ली और दोनों पर हमला कर दिया।

हमले की गंभीरता इतनी थी कि दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी।बताया जा रहा है कि आरोपी को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसके चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया।आरोपी को अपनी सौतेली बेटी के किसी युवक से संबंधों पर भी आपत्ति थी, जिसे लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जाता है कि लता अपनी बेटी का पक्ष लेती थी, जिससे आरोपी और अधिक आक्रोशित हो जाता था।

इस घटना की सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर की। पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच जारी है।