उप सरपंच के भतीजे को सोहनलाल साहू ने मारा चाकू, मामले में आरोपी सहित 5 ग्रामीण गिरफ्त में।

बालोद : जिले के डौंडीलोहारा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बटेरा के आश्रित ग्राम जोगीभाठ में शीतला मंदिर को लेकर चल रही बैठक के दौरान बड़ा विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि बीच-बचाव करने आए युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जिससे वहां हड़कम्प मच गया। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया है। घटना को लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मृतक की पहचान उप सरपंच डोमेन्द्र देशमुख के भतीजे कुणाल देशमुख के रूप में हुई है। बताया गया है कि बीती रात गांव में शीतला मंदिर से जुड़े मुद्दे पर बैठक आयोजित की गई थी। इसी दौरान ग्रामीणों और उप सरपंच के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद के बीच स्थिति को शांत कराने पहुंचे कुणाल देशमुख पर गांव के ही सोहनलाल साहू ने चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल कुणाल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद मृतक के परिजन गमगीन हो गये।

इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सोहनलाल साहू सहित 5 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने बताया है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है। जो आरोपी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जायेगी।