गर्मी में बर्फीले पदार्थ खाने की सोच रहे है तो पहले ये खबर जरुर पढ़ लें।

कोरबा : आमतौर पर जब 5-10 लोगों के लिये घर में खाना बनाया जाता है तो तब भी सफाई में कहीं ना कहीं कोई कमी रह ही जाती है, कई बार बाल तो निकल ही जाते है, ऐसे में बाहरी खानपान से आप क्या उम्मीद करते है, जहाँ सैंकड़ों लोगों के लिये खाने का सामान तैयार किया जाता है? अब जब गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है तो बर्फ का नाम से ठंडक का अहसास होने लगता है, लेकिन कोरबा में एक ऐसा वाकया हुआ, जिसने लोगों के तन-मन में आग लगा दी। दरअसल, घंटाघर चौपाटी स्थित जूस सेंटर में बर्फ के अंदर मेंढक जमा मिला है, बर्फ में मेंढक को देखते ही व्यापारियों का पारा चढ़ गया है, उन्होंने बर्फ फैक्ट्री संचालक के खिलाफ इस मामले में कार्यवाही की मांग की है।

इस मामले में चौपाटी संघ के अध्यक्ष रवि वर्मा ने बताया कि चौपाटी के एक जूस सेंटर में वाक्या सामने आया है। जूस सेंटर संचालक ने बताया कि निहारिका क्षेत्र स्थित एक दुकान से बर्फ खरीद कर लाया गया था। जहां बर्फ फैक्ट्री से थोक में बर्फ लाकर बेचा जाता है, जिसमें मेंढक निकला है। जिसके बाद चौपाटी संघ ने मांग की है कि बर्फ फैक्ट्री के संचालक और बेचने वाले के खिलाफ कड़ी कार्यवाही होनी चाहिये।

वहीं बर्फ दुकान के संचालक डी गुप्ता ने बताया है कि वह बर्फ का डिपो चलता है। वे कई फैक्ट्रियों से बर्फ लेकर आता है। अब कहां से बर्फ आया है, यह उसे नहीं पता। यही नहीं जिस बर्फ में मेंढक मिला है, वह उसके डिपो का है, यह भी स्पष्ट नहीं हो पा रहा है। इधर खाद्य अधिकारी विकास भगत ने घटना सामने आने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि जहां-जहां बर्फ फैक्ट्री है, वहां जांच की जायेगी। ऐसे में अब उन लोगों के लिये मुसीबत खड़ी हो गई है, जो गर्मी में ठंडा अहसास लेने के लिये बर्फीले पेय या खाद्य पदार्थों का सेवन करते है।

सफाई से नहीं बनती है बर्फ, ठंडे पेय पदार्थों से करें परहेज :

आपको बता दें की टंकी के पानी से बर्फ को बनाया जाता है, जो महीनों तक साफ़ नहीं की जाती है, वहीँ बाज़ार में दो प्रकार की बर्फ मिलती है, एक खाने योग्य और दूसरी सामानों को ठंडा करने के लिये, ऐसे में सही बर्फ कौन सी है पता नहीं चल पाता है, ऐसे में बाज़ार में मिलने वाली पेय पदार्थ जिनमें बर्फ डली हो उनका सेवन करने से बचें।