दुपहिया से घूम-घूमकर मोबाईल से लगवा रहे थे सट्टेबाजी के दांव, कमल पंजवानी और सौरभ को पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ा।

बिलासपुर : जैसे ही क्रिकेट का खेल शुरू होता है, सटोरिये अपना काम चालू कर देते है, वहीँ अब फिर से आईपीएल सीजन शुरू होते ही शहर में ऑनलाईन सट्टेबाजी का अवैध कारोबार एक बार फिर सक्रिय हो गया है। इस बीच सिविल लाइन पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने कार्यवाही करते हुए दो सटोरियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 1,48,500 रुपये नकद, मोबाईल फोन और सट्टेबजी में प्रयुक्त एक्टिवा भी जब्त की गई है। मामले की कार्यवाही सिविल लाईन थाना क्षेत्र के अंतर्गत की गई है।

मोबाईल के जरिए खिला रहे थे सट्टा :

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी मोबाईल के माध्यम से आईपीएल मैचों में हार-जीत और बॉल-टू-बॉल रन पर दांव लगवा रहे थे। आईपीएल में सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिविल लाइन पुलिस और एसीसीयू टीम ने जरहाभाठा क्षेत्र में दबिश दी, जहां दोनों युवक ऑनलाइन सट्टा खिलाते हुए पकड़े गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सौरभ पवार (निवासी सिंधी कॉलोनी, जरहाभाठा) और कमल पंजवानी (निवासी चकरभाठा) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके मोबाइल फोन में राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच चल रहे मैच पर सट्टा खिलाने के प्रमाण मिले।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सट्टा पट्टी, दो मोबाईल फोन और एक्टिवा क्रमांक CG-10-AJ-8770 जब्त किया है। पुलिस ने कार्यवाही करते हुये दोनों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है, पुलिस ने कहा है कि सटोरियों पर कार्यवाही जारी रहेगी।

विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज :

दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7(2) और बीएनएस की धारा 112 के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसीसीयू टीम आरोपियों से पूछताछ कर सट्टेबाजी के नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है। मामले की जांच में सामने आया है कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए किसी एक स्थान पर नहीं बैठते थे, बल्कि एक्टिवा से घूम-घूमकर मोबाइल ऐप के जरिए सट्टा खिलाते थे। पुलिस का कहना है कि आईपीएल के दौरान सक्रिय ऐसे गिरोहों पर कड़ी नजर रखी जा रही है, ताकि इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके। वहीँ सटोरिये कितनी भी सफाई से ये काम करें पुलिस से नहीं बच सकते।