ईधर ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर, उधर किम जोंग ने दाग दी मिसाइल।

सियोल (दक्षिणी कोरिया) : वैश्विक युद्ध का बड़ा असर दुनियां [पर पड़ता है, जहां एक ओर ईरान-अमेरिका के बीच सीजफायर की खबर से जहां दुनिया भर में लोग राहत महसूस करने लगे तो वहीं इस उत्तर कोरिया ने अपने पूर्वी तट से मिसाइल दाग कर अपने पड़ोसी देश दक्षिण कोरिया में हड़कंप मचा दिया। किम जोग के नेतृत्व वाले उत्तर कोरिया ने अपने पूर्वी तट से  मिसाइल का प्रक्षेपण किया है। दक्षिण कोरिया की सेना के मुताबिक उत्तर कोरिया ने समुद्र की ओर कई छोटी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गई है। पिछले दो दिनों में यह उसका दूसरा मिसाइल परीक्षण था, जिसके बाद हड़कम्प मच गया है।

दक्षिण कोरिया के सैन्य अधिकारी ने दी ये जानकारी :

दक्षिण कोरिया के जॉइंट चीफ़्स ऑफ़ स्टाफ़ ने बताया कि ये मिसाइलें उत्तर कोरिया के पूर्वी तटीय क्षेत्र वॉनसन से दागी गईं और हर मिसाइल लगभग 240 किलोमीटर (150 मील) की दूरी तय करते हुए उत्तर कोरिया के पूर्वी समुद्री क्षेत्र की ओर बढ़ी। उन्होंने कहा कि दक्षिण कोरिया, अमेरिका के साथ अपने मज़बूत सैन्य गठबंधन के तहत, उत्तर कोरिया की किसी भी उकसावे वाली कार्यवाही का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।

दक्षिण कोरियाई सेना ने यह भी बताया कि मंगलवार को उसने उत्तर कोरिया की राजधानी के आसपास के क्षेत्र से एक अज्ञात मिसाइल के प्रक्षेपण का भी पता लगाया था। सेना ने कहा कि दक्षिण कोरिया और अमेरिका की खुफिया एजेंसियां इस प्रक्षेपण से जुड़ी जानकारियों का विश्लेषण कर रही हैं। अगर किसी प्रकार कोई उकसावे वाला मामला सामने आता है तो दोनों देशों में युद्ध की स्थिति खड़ी हो सकती है।

पिछला मिसाइल प्रक्षेपण असफल रहा?

दक्षिण कोरियाई मीडिया ने बताया कि पिछला प्रोजेक्टाइल जो शायद एक बैलिस्टिक मिसाइल था लॉन्च के शुरुआती चरण में एक असामान्य गतिविधि दिखाने के बाद दक्षिण कोरियाई सेना के रडार से गायब हो गया। खबरों के अनुसार इससे संकेत मिला कि यह लॉन्च असफल रहा। बता दें कि उत्तर कोरिया की ओर से इस मिसाइल को तब लॉन्च किया जा रहा है जब उसने साफ कर दिया है कि  उसका दक्षिण कोरिया के साथ संबंध सुधारने का कोई इरादा नहीं है। वहीं दक्षिण कोरिया की उदारवादी सरकार ने लंबे समय से बंद पड़ी बातचीत को फिर से शुरू करने की अपनी उम्मीदें लगातार ज़ाहिर की हैं। वहीँ उत्तर कोरिया विदेश मंत्रालय में पहले उप मंत्री जांग कुम चोल ने मंगलवार को कहा कि दक्षिण कोरिया हमेशा उत्तर कोरिया का सबसे कट्टर दुश्मन देश बना रहेगा।

दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति ली जे-म्युंग द्वारा उत्तर कोरिया में कथित नागरिक ड्रोन उड़ानों पर खेद व्यक्त करने के बाद, किम जोंग ने सोमवार देर रात उनकी प्रशंसा की। उन्होंने इसे राष्ट्रपति का साहस और ईमानदारी बताया, लेकिन साथ ही यह चेतावनी भी दोहराई कि यदि ऐसी उड़ानें दोबारा हुईं, तो उत्तर कोरिया इसका करारा जवाब देगा। 

बातचीत के लिए तैयार नहीं उत्तर कोरिया :

उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया और अमेरिका के साथ बातचीत पर लौटने से इंकार कर दिया है और 2019 में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ किम जोंग उन की कूटनीति विफल होने के बाद से अपने परमाणु हथियारों के ज़खीरे को बढ़ाने पर ज़ोर दिया है। फरवरी में सत्तारूढ़ वर्कर्स पार्टी की कांग्रेस में, किम जोंग उन ने धमकी दी थी कि अगर उन्हें उकसाया गया तो वह दक्षिण कोरिया को तबाह कर देंगे। उन्होंने ट्रम्प के साथ बातचीत का दरवाज़ा खुला रखा, लेकिन वाशिंगटन से आग्रह किया कि वह बातचीत की शर्त के तौर पर उत्तर कोरिया के परमाणु निरस्त्रीकरण की मांग छोड़ दे। ऐसे में अब इन दोनों देशों के विवाद के बीच फिर कोई बखेड़ा खड़ा हो सकता है।