रायगढ़ : वर्तमान में अतिरिक्त वैवाहिक प्रेम प्रसंग के मामले लगातार सामने आ रहे है और लिव इन के मामले भी काफी बढ़ गये है, ऐसे में इन मामलों में कई बार खौफनाक काण्ड सामने आ रहे है, ऐसे ही रायगढ़ जिले में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, यहां लिव-इन में रह रहे युवक ने अपनी महिला साथी की मंगलसूत्र से गला घोंटकर हत्या कर दी है, जिससे क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई है। इस मामले में कोतरारोड पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इसके साथ ही पुलिस आगे की कार्यवाही कर रही है।
इस मामले में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिंदल अस्पताल पतरापाली से धनेश्वरी विश्वकर्मा की आकस्मिक मृत्यु की सूचना मिलने पर थाना कोतरारोड में मर्ग कायम कर पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की कार्यवाही की गई। पुलिस ने बताया है कि शुरुआत में यह मामला सामान्य मौत का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पूरी कहानी बदलकर रख दी। रिपोर्ट में डॉक्टरों ने मृत्यु का कारण गले पर दबाव से दम घुटना बताया, जिसे तकनीकी रूप से ‘होमिसाइडल’ यानी हत्या माना गया। इसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी, और हत्या के पहलुओं को जोड़ती गई।
इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशिक्षु डीएसपी और थाना प्रभारी अजय नागवंशी ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और विस्तृत जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि मृतिका धनेश्वरी विश्वकर्मा, जो कि किरोड़ीमल नगर में रह रही थी, को जिंदल अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के अटेंडर के माध्यम से ही पुलिस को इस घटना की सूचना मिली थी।
हत्या की जांच के दौरान पुलिस का शक मृतिका के साथ रहने वाले युवक विकेश कुमार बरेठ पर गया। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
विवाद के बाद दिया वारदात को अंजाम :
पूछताछ में आरोपी विकेश बरेठ (26) ने बताया है कि वह धनेश्वरी का इलाज करवा रहा था, लेकिन वह समय पर दवाइयां नहीं लेती थी। इसके अलावा, धनेश्वरी का अपने पति से तलाक नहीं हुआ था, जिससे दोनों शादी नहीं कर पा रहे थे। इन बातों को लेकर उनके बीच अक्सर विवाद होता रहता था। वह काफी परेशान रहता था।
फिर घटना वाले दिन भी इसको लेकर विवाद हुआ। उस समय विकेश की नानी घर आई थी और समय पर खाना नहीं बनने को लेकर उसने धनेश्वरी को डांटा था। नानी को छोड़कर लौटने के बाद जब उसने देखा कि धनेश्वरी ने दवाई नहीं ली है, तो दोनों के बीच फिर से झगड़ा शुरू हो गया। गुस्से में आकर विकेश ने धनेश्वरी को थप्पड़ मारा, जिससे नाराज होकर वह उसे छोड़कर जाने लगी।
इसी दौरान विकेश ने पीछे से उसका मंगलसूत्र पकड़कर खींच लिया, जिससे उसका गला दब गया और वह गिरकर बेहोश हो गई। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। घबराये आरोपी ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद उसने घटना को छिपाने की कोशिश भी की। जरा सी चूक ने महिला की जान ले ली, जिसे गैर इरादतन हत्या मानी गई है। आरोपी ने बताया कि वह हत्या नहीं करना चाहता था।
चार साल से साथ रह रहे थे दोनों :
मृतका धनेश्वरी विश्वकर्मा (32) निवासी पोड़ीभाटा, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा की शादी मनोज विश्वकर्मा से हुई थी, जिनसे उसके तीन बच्चे हैं। पति से विवाद के चलते वह पिछले चार वर्षों से अपने मायके में रह रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात विकेश बरेठ से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं।
इसके बाद दोनों किरोड़ीमल नगर में पति-पत्नी की तरह साथ रहने लगे। धनेश्वरी की तबीयत अक्सर खराब रहती थी, जिसका इलाज विकेश करवा रहा था। साथ ही, उसका अपने पति से तलाक का मामला भी चल रहा था। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है। वहीँ मामले की आगे की कार्यवाही की जायेगी।



