बिलासपुर : नोटबंदी के बावजूद नकली नोटों का कारोबार जारी है, लेकिन इस पर काफी लगाम कसी हुई है, वहीँ आपको बता दें कि सामने आया मामला अभी किसी तरह से स्पष्ट नहीं है, लेकिन यह चौंकाने वाला मामला जरुर है। पुलिस ने 17 लाख 90 हजार रुपये नगद के साथ एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा है। उक्त रकम के किसी अपराध से संबंधित होने के संदेह में पुलिस ने इसे जब्त कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। इस मामले में मिली जानकारी के अनुसार, आज बेलगहना पुलिस और एसीसीयू बिलासपुर टीम चौकी बेलगहना के अपराध की विवेचना के लिए क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति टेंगनमाड़ा स्टेशन के पास दो सूटकेस और एक पिट्ठू बैग के साथ संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है।
इसकी सूचना मिलने पर तत्काल वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को अवगत कराया गया। उन्होंने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और सीएसपी निमितेश सिंह को निर्देश देकर कार्यवाही करवाई गई। अधिकारियों के निर्देश पर बेलगहना पुलिस एवं एसीसीयू बिलासपुर की टीम ने ग्राम टेंगनमाड़ा रेलवे स्टेशन के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम पवन बजाज पिता अर्जुन बजाज उम्र 35 वर्ष, निवासी कश्यप कॉलोनी, पुराना बस स्टैंड, थाना सिटी कोतवाली, जिला बिलासपुर होना बताया है।
जिसके बाद उसके कब्जे से दो सूटकेस और एक पिट्ठू बैग बरामद किये गये है, जिसमें नगदी रकम 10, 20 एवं 50 रुपये के कुल 81 बंडल नए करेंसी नोट थे। जब नोटों की गिनती की गई तो कुल 17 लाख 90 हजार रुपये होने पाये गये है। पुलिस ने नगद रकम को संदिग्ध एवं किसी अपराध से संबंधित होने की आशंका पर जब्त कर लिया है। फिलहाल, पुलिस व्यक्ति को हिरासत में लेकर उससे रकम के संबंध में पूछताछ कर रही है। नोटों के असली नकली होने को लेकर कुछ भी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है, सभी नोट सील पैक है।



