उज्जैन (म.प्र.)/रायपुर (छ.ग.) : राजधानी रायपुर से एक मुस्लिम युवक हिंदू युवती को लेकर उज्जैन पहुंचा, जिसके बाद वहां बड़ा बवाल मच गया। इस मामले में मिली जानकारी के अनुसार 28 वर्षीय सोहेल शेख, निवासी मोती नगर मस्जिद के सामने, संतोषी नगर के आगे, शुक्रवार को बस के जरिए युवती के साथ उज्जैन आया हुआ था। उज्जैन पहुंचने के बाद सोहेल ने ऋषि नगर स्थित एक होटल में ऑनलाईन कमरा बुक किया था। हालांकि, युवक के साथ हिंदू युवती होने के कारण होटल संचालक ने कमरा देने से मना कर दिया था। इसके बाद तीन अन्य होटलों ने भी उन्हें कमरा देने से साफ़ इंकार कर दिया था, काफी प्रयास करने के बावजूद उन्हें कमरा नहीं मिल रहा था।
नानाखेड़ा होटल में मिला कमरा :
इसके बाद दोनों नानाखेड़ा स्थित एक होटल पहुंचे, जहां उन्हें पांच हजार रुपये में कमरा दिया गया था। हालांकि, होटल नैनास पैलेस के रजिस्टर में दोनों की एंट्री दर्ज नहीं की गई थी, जो बाद में विवाद का बड़ा कारण बना। फिर इस मामले की जानकारी मिलते ही हिंदूवादी संगठन के सदस्य होटल पहुंचे। सूचना मिलने पर नानाखेड़ा पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों को अपने साथ थाने ले गई। शुक्रवार को नानाखेड़ा थाना क्षेत्र के कलापत्थर क्षेत्र स्थित एक होटल में यह घटना हुई है। इस मामले में जब माचिस मीडिया ने उनसे पूछताछ की तो होटल के स्टाफ का कहना था, पैसे ज्यादा नहीं लिये गये थे , बल्कि दो दिन का एडवांस लिया गया था, मुस्लिम युवक अन्य होटलों द्वारा जगह नहीं देने पर आप लोगों ने क्यूँ दी तो उन्होंने कहा कि हमसे गलती हो गई थी, इसके साथ ही उन्होंने बताया की दोनों की रजिस्टर में एंट्री की गई थी।
वहीँ इस मामले की सूचना मिलने पर हिंदू जागरण मंच के महानगर संयोजक रितेश माहेश्वरी अपने कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और होटल रजिस्टर की जांच की। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने पुलिस के साथ मिलकर कमरे के बाहर युवक से बात की। युवक ने बताया कि वह अपनी दोस्त के साथ उज्जैन आया है और वे एक-दूसरे को जानते हैं। इसके बाद पुलिस युवक को अपने साथ ले गई।
वहीँ पुलिस ने युवती को वन स्टॉप सेंटर भेज दिया है, जबकि सोहेल शेख के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्यवाही की गई है। पूरे मामले की जांच जारी है। होटल संचालक के खिलाफ कार्यवाही की कोई जानकारी सामने नहीं आ पाई है।



