14 अप्रैल के बाद ग्रीष्म लहर के आसार, बढ़ेगी भीषण गर्मी, सामने आई ये जानकारी….।

रायपुर : मौसम में बड़ा बदलाव हो चुका है और गर्मी अब अपने तेवर दिखाने लगी है, मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि अब प्रचंड गर्मी का दौर शुरू होने वाला है। पिछले चौबीस घंटे में राजधानी का पारा एक डिग्री सेल्सियस तक बढ़ा है और आने वाले दिनों में लगभग 4 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने से पारा 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के अनुमान हैं, जिससे गर्मी काफी बढ़ जायेगी। इसको लेकर मौसम विभाग ने 14 अप्रैल के बाद प्रदेश के कई क्षेत्रों में ग्रीष्म लहर चलने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि गर्मी का ज्यादा प्रभाव रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर जैसे संभागों में रह सकता है। आसमान खुलने के बाद अब धूप तेज लगने लगी है भले ही प्रदेश का तापमान सामान्य से कम दर्ज किया जा रहा है मगर इसमें बढ़ोत्तरी हो रही है, वहीँ रायपुर का अधिकतम तापमान 37 से बढ़कर 38 डिग्री तक पहुंच गया है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहा.  प्रदेश में  सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 38.4 °C दुर्ग में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.0°C अंबिकापुर में दर्ज किया गया है।

सिनोप्टिक सिस्टम :

फिलहाल, दक्षिण छत्तीसगढ़ और विदर्भ से लेकर मराठवाड़ा, आंतरिक कर्नाटक और आंतरिक तमिलनाडु तक फैले क्षेत्र के ऊपर उत्तर-दक्षिण दिशा में एक गर्त के रूप में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही आपको बता दें कि राजधानी रायपुर में आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना जताई गई है और अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।