कोरबा : आग लगने की घटनायें लगातार सामने आ रही है, वहीँ अब कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत मानिकपुर बस्ती मुख्य मार्ग स्थित एक मकान में भीषण आग लगने की खबर सामने आई है। जहाँ आग की चपेट में घर के आंगन में खड़ी ऑटो और दुपहिया वाहन आ गये, जो देखते ही देखते धू-धू कर जलने लगे। वहीं आगजनी की घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग बुझाने के लिये कई लोग जुट गये , वहीँ इस घटना से परिवार दहशत में आ गया।
इस घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग बुझा लेने से बड़ा हादसा टल गया, वरना आसपास के मकान भी इसकी चपेट में आ सकते थे, जिसको लेकर पूरी मुस्तैदी दिखाई गई।
शॉर्ट सर्किट से मकान में लगी आग :
जानकारी के मुताबिक, मकान के आंगन में लगे इलेक्ट्रिक बोर्ड में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिसके बाद आग भड़क गई। आग तेजी से फैलते हुए वहां खड़ी ऑटो और बाइक तक पहुंच गई। घटना के समय घर के सदस्य अपने-अपने कमरों में मौजूद थे, लेकिन शुरुआत में उन्हें आग लगने की जानकारी नहीं मिल सकी। जैसे ही आग की लपटें बढ़ीं, घर में मौजूद लोग बाहर भागकर अपनी जान बचाये। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह मकान लोचन सोनी का है, जो घर के पास ही साईकिल दुकान संचालित करते हैं और ऑटो भी चलाते हैं। आगजनी की इस घटना में उन्हें भारी नुकसान हुआ है। फिलहाल, आग पर काबू पा लिया गया है। इस घटना से क्षेत्र में डर का माहौल बना हुआ है, स्थनीय स्तर पर मकान कच्चे है।



