मवेशी तस्कर गिरफ्त में, 15 भैंसों के साथ 5 अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार।

जांजगीर-चांपा : जिले की शिवरीनारायण पुलिस को मवेशी तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है, यहाँ लम्बे समय से तस्करी चल रही थी। वहीँ अब पुलिस ने अंतर्राज्यीय मवेशी तस्करी गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 15 नग भैंस और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे तीन पिकअप वाहन जब्त किये गये हैं। पुलिस की कार्यवाही में जब्त किये गये मवेशियों की कीमत करीब 2 लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है, जबकि परिवहन में प्रयुक्त तीनों पिकअप वाहनों की कीमत लगभग 18 लाख रुपये है।

इसके साथ ही पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपी भैंसों को तस्करी कर ओडिशा के बूचड़खाने ले जा रहे थे। सभी आरोपी ओडिशा के बरगढ़ जिले के रहने वाले हैं। गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश ऐडजा, राजेश मांझी, निरंजन कोलारी, रूपेश कुमार और प्रकाश राणा शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिवहन अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(घ) के तहत कार्यवाही की है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीँ आपको बता दें कि राज्य में मवेशी तस्करी जोरों पर है।