रायपुर : राजधानी में पुष्पा साहू के मकान में बम बनाने का सामान मिला है, जिसका कनेक्शन कांग्रेस नेता विनय देवांगन से निकला है। मामला है रायपुर के बिरगांव में एक मकान से बम बनाने की सामग्री मिलने के मामले में नया ट्वीस्ट सामने आया है। बिरगांव नगर निगम महापौर कांग्रेस नेता नंदलाल देवांगन को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। नंदलाल ने कहा है कि मेरे साले विनय देवांगन ने मुझे बम से उड़ाने या गोली मारकर हत्या की धमकी दी थी। कही ये साजिश का हिस्सा तो नहीं है। महापौर के आरोप के बाद पुलिस ने उनके साले विनय देवांगन की तलाश तेज कर दी है, वह घटना के बाद फरार बताया जा रहा है। अब पुलिस द्वारा उनके ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
इस मामले में डीसीपी नार्थ जोन मयंक गुर्जर ने बताया है कि खमतराई क्षेत्र में एक घर से बम बनाने की संदिग्ध वस्तुयें बरामद की गई थी। पुलिस कमिश्नरेट की टीम जांच में जुटी हुई है। बिरगांव महापौर के आरोप पर उनके साले विनय देवांगन की पतासाजी में कई ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस टीम सभी एंगल से मामले की जांच कर रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जायेगा। इस चौंकाने वाली खबर से राजनैतिक हल्कों में हड़कम्प मच गया है, जिसको लेकर इसे अब भाजपा की साजिश बताने का प्रयास किया जा रहा है, जब स्थानीय सूत्र इसे परिवारिक विवाद बता रहे है, इसका खुलासा आरोपी विनय देवांगन को पकड़ने के बाद हो पायेगा।
जानिये पूरा मामला :
पुलिस अधिकारियों के अनुसार बिरगांव के रविशंकर शुक्ल वार्ड के रावाभाठा क्षेत्र में मितानिन पुष्पा साहू का मकान है। पुष्पा साहू और उनके परिवार का बिरगांव निवासी विनय देवांगन से परिचय है। बुधवार की शाम विनय मितानिन के घर बैग लेकर पहुंचा था और उसने कहा था कि वह बैग अभी कुछ समय के लिए यहां रख रहा है और बाद में ले जायेगा। इसके बाद वह वहां से चला गया। मितानिन को इस पर शक हुआ तो उसने वार्ड पार्षद अश्वनी यादव को सूचना दी, मितानिन ने कहा कि उसका इस मामले से कोई लेनादेना नहीं है।
इसके साथ ही मामले की सूचना मिलने पर अश्वनी यादव रात में मितानिन के घर पहुंचे और सुबह आने की बात कहकर वहां से रवाना हो गए। बुधवार की सुबह 8 बजे वार्ड पार्षद स्थानीय रहवासियों के साथ मौके पर पहुंचे और बैग खोलकर जांच की। जांच के दौरान उसमें एयर गन और देसी बम बनाने का सामान मिला। इसके बाद पार्षद ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर नॉर्थ जोन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
इस मामले की जांच पुलिस अधिकारी कर रहे हैं। पुलिस अब विनय देवांगन से पूछताछ की तैयारी कर रही है। वहीं मौके पर पहुंचे बम स्क्वॉड ने संदिग्ध सामग्री की जांच की। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया था। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। मामला क्या है, अभी तक पुलिस कुछ कह नहीं पा रही है, पुलिस आरोपी के पकड़ने के बाद ही खुलासे की बात कह रही है।



