बिलासपुर : न्यायधानी में उर्स जुलूस के दौरान आम लोगों को चाकू दिखाकर डराने वाले दो युवकों पर पुलिस ने कार्यवाही की है। मामले में सिविल लाइन पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से धारदार हथियार बरामद किया हैं। इस घटना का वीडियो भी वायरल हुआ था। इस घटना से लोगों में दहशत का माहौल बन गया था।
दरअसल, यह घटना तालापारा सिविल लाइन क्षेत्र की है, जहां उर्स जुलूस की एक टोली मगरपारा चौक से गुजर रही थी। इसी दौरान आरोपी अब्दुल अजीम खान हाथ में चापड़नुमा धारदार हथियार लेकर लोगों के बीच लहराते हुए मिला। पुलिस ने उसे मौके से पकड़कर कार्यवाही की है। बताया जा रहा है भीड़ के दौरान उसने दहशत फ़ैलाने के उद्देश्य से यह कृत्य किया है।
वहीं दूसरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है, जहां उर्स के दौरान घोड़ादाना स्कूल तारबहार से संदल और चादर की दूसरी टोली निकली थी। इस दौरान पुलिस लाइन के पास मामूली विवाद होने पर आरोपी हर्ष खांडे ने बड़ा चाकू लहराकर लोगों को डराना शुरू कर दिया था, जिससे जुलूस के दौरान अफरातफरी मच गई।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी वहां से फरार हो गया। बाद में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से उसकी पहचान की गई और पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके कब्जे से लोहे का धारदार बड़ा चाकू जब्त किया गया। मामले में सिविल लाइन पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्यवाही की है। पुलिस गुंडे बदमाशों को ऐसे कृत्यों परहेज करने की नसीहत दी है।



