लाखों के नकली नोटों के साथ आरोपी गिरफ्तार, छत्तीसगढ़ में नकली नोट छापने वाले गिरोह का हुआ खुलासा।

कांकेर : छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में नकली नोट छापने वाले गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने करीब साढ़े 6 लाख रुपये के नकली नोट बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी 500-500 रुपये के नकली नोट अपने घर में ही छाप रहा था। यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। मामले में कांकेर जिला पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्यवाही करते हुए नकली नोटों के काले कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने नए बस स्टैंड क्षेत्र में घेराबंदी कर एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से 500-500 रुपये के कुल 6 लाख 50 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किये गये हैं।

घर पर ही लगा रखी थी नोट छापने की फैक्ट्री :

कांकेर पुलिस अधीक्षक निखिल कुमार राखेचा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान कांकेर निवासी युगल नाग के रूप में हुई है। आरोपी पिछले छह महीनों से अपने ही घर में नकली नोट छापने का अवैध कारोबार चला रहा था।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह घर में प्रिंटर और अन्य उपकरणों की मदद से नकली नोट छापता था। आरोपी ने बताया कि वह कर्ज में डूबा हुआ था और जल्दी पैसे कमाने के लिए नकली नोट छापने का प्लान बनाया था।

पुलिस ने आरोपी के घर पर छापा मारकर नकली नोट छापने में इस्तेमाल किए गए उपकरण भी जब्त किए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी अकेले काम कर रहा था या उसके साथ कोई और भी शामिल है। फिलहाल, आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।