जांजगीर चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा में हत्या से सनसनी फैल गई है, जहां एक शख्य की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। शराब पीने से मना करने पर हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरु कर दी है। यह घटना शिवरीनारायण थाना क्षेत्र की है।
मामले के अनुसार तनौद गांव में शराब पीने को लेकर शुरू हुआ एक मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया। सड़क किनारे शराब पीने से मना करने पर शुरू हुए झगड़े में बीच-बचाव करने पहुंचे एक बुजुर्ग पर लाठी से हमला कर दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। इस खौफनाक घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया है और लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। इस घटना की सूचना मिलते ही शिवरीनारायण थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी।
सड़क किनारे शराब पीने से रोकना पड़ा भारी :
यह घटना बीती रात की बताई गई है। तनौद-नवागांव मुख्य मार्ग के किनारे कुछ लोग बैठकर शराब पी रहे थे। उसी दौरान गांव के निवासी सत्यवान महिपाल वहां पहुंचे और सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने से मना किया। इसी बात को लेकर वहां मौजूद उमाशंकर साहू नाराज हो गया और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई। विवाद को शांत कराने और अपने बेटे को बचाने के लिए सत्यवान के पिता मोहन महिपाल बीच-बचाव करने पहुंचे। लेकिन आरोप है कि इसी दौरान उमाशंकर साहू ने लाठी उठाकर मोहन महिपाल के सिर पर जोरदार वार कर दिया।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान मोहन महिपाल (45) के रूप में हुई है, जो कि तंनौद गांव का रहने वाला था। गुस्साये उमा शंकर ने उसपर लाठी-डंडे से हमला कर दिया था। इस हमले में गंभीर रूप से घायल मोहन लाल को खरौद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।



