गौरेला पेण्ड्रा मरवाही : बीते दिनों जिले के कोटमी में हुए सराफा कारोबारी प्रदीप सोनी की हत्या का मामला सामने आया था, इस मामले में एक नया मोड़ आ गया है। मृतक प्रदीप सोनी के छोटे भाई मनोज सोनी के मोबाईल पर एक अज्ञात नंबर से WhatsApp मैसेज आया है, जिसमें लिखा है कि प्रदीप सोनी की गोली मारकर हत्या उसी ने की है आपको जो करना है कर लेना। जिसके बाद पेंड्रा पुलिस ने इस मामले में भी FIR दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। इस मामले में सामने आया था कि गिरफ्तार आरोपियों में बिलासपुर का रहने वाला खुशीराम साहू (मुख्य मास्टरमाइंड), उसका भतीजा राजाराम साहू और गया प्रसाद रजक शामिल हैं। खुशीराम ने ही कोटमी बाजार में व्यापारी की रेकी की थी और बिहार-झारखंड से शूटर बुलाये थे, जिन्होंने इस काण्ड को अंजाम दिया था।
वहीँ आरोपी ने परिजनों को धमकी भरे लहजे में न सिर्फ हत्या की बात कबूली है, बल्कि मृतक के बेटे को लेकर भी धमकी भरे शब्दों में लिखा है। धमकी भरा मैसेज भेजने के बाद संबंधित व्यक्ति ने चैट पर माफी भी मांगी है। पेंड्रा पुलिस ने अज्ञात मोबाईल नंबर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साईबर सेल की मदद से नंबर को ट्रेस किया जा रहा है और उसके कॉल डिटेल रिकॉर्ड व लोकेशन की तकनीकी जांच की जा रही है, जिससे आरोपी पकड़ा जा सके।
पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि यह किसी का साइकोलॉजिकल एक्ट (गुमराह करने की कोशिश) है या सच में हत्याकांड से जुड़े किसी आरोपी का नंबर है। इस हत्याकांड के तार सुलझाने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें काम कर रही हैं, जिससे यह मामला संदिग्ध लग रहा है।
खबरों के मुताबिक, पुलिस की एक टीम बिहार में एसटीएफ (STF) की मदद से एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ भी कर रही है। ऐसा माना जा रहा है इस मामले में स्थानीय लोगों के शामिल होने की भी पूरी आशंका है, जिसे ध्यान में रखते हुए पुलिस बेहद सावधानी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने की बात कह रही है। बदमाशों ने व्यापारी से लगभग ₹60 लाख के सोने-चांदी के जेवर लूटे थे। देवरीखुर्द गांव में आरोपियों ने जेवरों का बंटवारा किया था और सबूत मिटाने के लिए आसपास की पहाड़ियों पर जेवरों के रैपर जला दिये थे।



