रायपुर : तीन तलाक का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें विदेश में नौकरी कर रहे पति द्वारा फोन पर तीन तलाक दी गई है। इस मामले में राजधानी रायपुर की महिला ने अपने पति पर मानसिक प्रताड़ना, गाली-गलौज और तीन तलाक देकर वैवाहिक संबंध तोड़ने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में पुलिस ने बताया है कि राजातालाब क्षेत्र निवासी महिला की शादी वर्ष 2008 में चौरसिया कॉलोनी निवासी शाहिद रजा से हुई थी। शादी के बाद दम्पत्ति के दो बच्चे हुये और शुरुआती वर्षों तक परिवार सामान्य रूप से चलता रहा। कुछ साल पहले शाहिद रोजगार के सिलसिले में कुवैत चला गया। आरोप है कि विदेश जाने के बाद उसने परिवार से दूरी बना ली और लंबे समय से घर नहीं लौटा।
पति ने तलाक देकर पत्नी मानने से किया इंकार :
इसको लेकर पीड़िता का आरोप है कि विदेश जाने के बाद शाहिद ने परिवार से दूरी बना ली। वो न तो घर लौटा और न ही पत्नी और बच्चों को अपने पास बुलाया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। महिला ने बताया कि कुछ दिन पहले शाहिद ने कुवैत से फोन किया और उसने बातचीत के दौरान गाली-गलौज की और विरोध करने पर फोन पर ही तीन बार तलाक बोल दिया। इसके बाद उसने पत्नी के रूप में स्वीकार करने से भी इंकार कर दिया है, जिससे महिला मानसिक रूप से पीड़ित है।
महिला ने सिविल लाइन थाने में दी शिकायत :
इस घटना से परेशान महिला ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने पर सिविल लाइन पुलिस ने जांच के बाद आरोपी के खिलाफ मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) अधिनियम और अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। इस बीच पुलिस को सूचना मिली कि शाहिद भारत लौट आया है। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से उसका लोकेशन नागपुर में ट्रेस किया गया। जिसके बाद पुलिस टीम ने नागपुर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में लिया और रायपुर लेकर आई। इस दौरान आरोपी ने पुलिस के साथ झूमाझटकी भी की। कार्यवाही के समय उसकी मां नाबालिग बेटी को लेकर मौके से चली गई। पुलिस अब बच्ची की तलाश कर रही है और मामले में आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी फिलहाल कुवैत में कार्यरत है। मामले से जुड़े दस्तावेज और कॉल संबंधी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।



