नशीली सिरप खपाने ग्राहक ढूंढ रहा आरोपी अनिल साहू पुलिस की गिरफ्त में गिरफ्तार।

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर (IPS) के दिशा-निर्देश में नशे के खिलाफ कार्यवाही लगातार जारी है। इसी कड़ी में नशीली सिरप के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जिसके कब्जे से एक लाख रुपए से ज्यादा का 249 नग कोडीन नशीली सिरप जब्त किया गया है। यह पूरा मामला गुढ़ियारी थाना क्षेत्र का है, जहाँ आरोपी के खिलाफ कार्यवाही की गई है। जानकारी के मुताबिक, 5 जून को गुढ़ियारी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि झाबक पेट्रोल पंप के पास एक संदिग्ध व्यक्ति अपने बैग में भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली सिरप लेकर खड़ा है और उसे बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना मिलते ही डीसीपी मयंक गुर्जर ने एडिशनल डीसीपी (नॉर्थ) आकाश मरकाम और सीएसपी पूर्णिमा लामा को तत्काल कार्रवाई के लिए निर्देशित किया है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गुढ़ियारी थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर मौके पर भेजी गई।

बैग के अंदर मिला नशीला सिरप :

पुलिस टीम ने मुखबीर के बताए हुलिए के आधार पर घेराबंदी कर पेट्रोल पंप के पास से एक युवक को दबोचा। पूछताछ में उसने अपना नाम अनिल कुमार साहू निवासी दुर्ग बताया गया है। जब पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली, तो अंदर भारी मात्रा में कोडीन युक्त प्रतिबंधित नशीली सिरप की शीशियां भरी हुई मिलीं।

1,40,000 रुपये का माल जब्त :

पुलिस टीम द्वारा इस नशीली सिरप को रखने या परिवहन करने के संबंध में जब वैध दस्तावेज या मेडिकल लाइसेंस मांगा गया, तो आरोपी गोलमोल जवाब देकर पुलिस को गुमराह करने लगा। कोई भी दस्तावेज पेश न करने पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया गया और उसके कब्जे से 249 शीशी प्रतिबंधित नशीली सिरप के साथ तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा 1 नग मोबाइल फोन जब्त किया है। जब्त किए गए माल की कीमत लगभग 1,40,000 रुपये आंकी गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 238/2026 धारा 21 (सी) एन.डी.पी.एस. एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर कार्यवाही की गई। इस मामले में बैकएंड एवं फॉरवर्ड लिंक की जांच की जा रही है। आरोपी के कनेक्शन पता किये जा रहे है।