राजधानी के रिंग रोड पर कार-ट्रक में जोरदार भिड़ंत के बाद मचा हड़कंप, लगा लम्बा जाम, सामने आया भीषण हादसा।

रायपुर : भाटागांव में बस स्टैंड आने के बाद तेज रफ़्तार बसों से दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है, कुछ हादसे सामने भी आ चुके है, वहीँ स्थानीय वासी लगातार भय के साय में जीने को मजबूर है तो वहीँ अब राजधानी के टिकरापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत भाँटांगाँव स्थित रिंग रोड पर सोमवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहां एक कार और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। यह हादसा इतना भीषण था कि टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी।

घटना के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार और ट्रक दोनों तेज गति से चल रहे थे। इसी दौरान भाटागाँव के पास दोनों वाहन आमने-सामने भिड़ गए। टक्कर के बाद सड़क पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया और रिंग रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कुछ समय तक लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस घटना से राहगीरों में दहशत का माहौल बना हुआ था।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, हटवाये क्षतिग्रस्त वाहन :

इस घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल यातायात व्यवस्था संभाली और सड़क पर फंसे वाहनों को धीरे-धीरे निकलवाया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को सड़क से हटाने की कार्यवाही की गई, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। घटना के बाद लम्बा जाम लगा हुआ था। राहत की बात यह रही कि इस सड़क हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि कार और ट्रक दोनों को नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है। शुरुआती तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है।