ड्रिंक एंड ड्राईव पर सख्ती, अब तक 3365 लोगों पर हुई कार्यवाही।

रायपुर : राजधानी रायपुर में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस का ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में 7 जून 2026 की रात शहर के विभिन्न स्थानों पर विशेष जांच अभियान चलाकर 52 नशे की हालत में वाहन चला रहे चालकों को पकड़ा गया। इस वर्ष अब तक कुल 3365 वाहन चालकों के विरुद्ध शराब पीकर वाहन चलाने के मामलों में कार्यवाही की जा चुकी है। आपको बता दें कि नये केन्द्रीय परिवहन कानून के अनुसार 10 हजार रूपये से 15 हजार रूपये तक चालान होता है, तो वहीँ दो साल तक की जेल भी हो सकती है।

9 स्थानों पर एक साथ चला विशेष चेकिंग अभियान :

पुलिस कमिश्नर तथा प्रभारी पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) के निर्देश पर एसीपी यातायात सतीष ठाकुर के नेतृत्व में शहर के 9 प्रमुख स्थानों तेलीबांधा चौक, पचपेड़ी नाका चौक, भाटागांव चौक, टाटीबंध चौक, कालीबाड़ी चौक, जय स्तंभ चौक, भनपुरी चौक तथा पंडरी थाना के सामने विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया है, जो रात के समय लगातार चलता है।

52 शराबी गाड़ी चलाते पकड़ाये (ड्रिंक एंड ड्राईव)

इस दौरान ब्रीथ एनालाइजर से जांच में शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए कुल 52 वाहन चालकों को पकड़ा गया है। इनमें 34 कार चालक, 11 मोटरसाइकिल चालक, 2 टाटा एस चालक, 4 ट्रक चालक और 1 पिकअप वाहन चालक शामिल हैं। सभी के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत चालानी कार्यवाही की गई है और प्रकरण न्यायालय में प्रस्तुत किए जायेंगे, जहाँ लम्बी राशि का भुगतान करना होगा।

दुर्घटनायें रोकना और अनुशासन बढ़ाना है उद्देश्य :

यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान किसी निर्धारित लक्ष्य की पूर्ति के लिए नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है। यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक 3365 वाहन चालकों के विरुद्ध शराब के नशे में वाहन चलाने के मामले में कार्यवाही की जा चुकी है।

यातायात पुलिस की आम नागरिकों से अपील :

यातायात पुलिस रायपुर सभी वाहन चालकों और नागरिकों से सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने व जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की है।

इन यातायात नियमों का विशेष रूप से करें पालन

• शराब पीकर वाहन न चलाएं।
• वाहन चलाते समय सीट बेल्ट एवं हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें।
• वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें।
• निर्धारित गति सीमा (Speed Limit) का पालन करें।
• ट्रैफिक सिग्नल, संकेतक एवं पुलिस द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें।
• नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।
• वाहन चलाते समय धैर्य रखें और अन्य वाहन चालकों के प्रति संवेदनशील रहें।

यातायात पुलिस ने कहा कि शहर में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था के लिए चेकिंग अभियान आगे भी इसी सख्ती से जारी रहेगा। नशे की हालत में वाहन चलाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।