चिल्फी घाटी में यातायात व्यवस्था चरमराई, सड़क पर भारी-भरकम मशीन गिरने से लगा लंबा जाम।

कवर्धा : चिल्फी घाटी मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की सीमा रेखा पर स्थित है, ऐसे में वहां कई बड़े वाहन दिनभर गुजरते रहते है, ऐसे में यहाँ कई बार यातायात जाम हो जाता है, ऐसे ही कवर्धा जिले की इस चिल्फी घाटी क्षेत्र में एक बार फिर से यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। यहाँ घाटी के नाग मोड़ी के पास ट्रक पर लादकर ले जाई रही मशीन के सड़क पर गिरने से NH-30 रायपुर-जबलपुर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यहाँ जाम लगने के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा है।

यह पहला मौका नहीं है, जब चिल्फी घाटी में इस तरह की जाम की स्थिति बनी हो, ऐसी स्थिति कई बार बनती रहती है, जिससे यात्रियों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ती है, यह क्षेत्र राष्ट्रीय राजमार्ग है, जहाँ से कई प्रदेशों के वाहनों का आना जाना लगा रहता है। प्रशासन की ओर से अब तक इस समस्या के स्थायी समाधान को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। जाम की वजह से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

अब इस मामले में मिली जानकारी के अनुसार, जबलपुर की ओर से आ रहे एक ट्रक में फैक्ट्री की भारी-भरकम मशीन ले जाई जा रही थी, तभी चिल्फी घाटी के नाग मोड़ी के पास अचानक मशीन ट्रक से गिरकर बीच सड़क पर आ गई। मशीन गिरने के बाद पिछले 12 घंटे से ज्यादा समय से जाम की स्थिति बनी हुई है। हालांकि, सूचना मिलते ही चिल्फी पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क से मशीन हटाने की कवायद शुरू कर दी, लेकिन भारी मशीन होने के कारण यातायात बहाल करने में समय लग रहा है। कई बार दुर्घटनाओं की वजह से यहाँ काफी लम्बा जाम भी लग जाता है।