रायगढ़ : रील बनाने के चक्कर में कई रीलबाज मौत के मुंह में समां चुके है, फिर भी रील का नशा ऐसा है कि लोग इससे अछूते नहीं है, वहीँ सामने आया मामला भी कुछ ऐसा ही है, जहाँ छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर के कोस्टा पारा इलाके में रील बनाने के दौरान 22 वर्षीय नवविवाहिता की मौत हो गई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इस घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान विशाखा देवांगन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने घर में पंखे पर फंदा लगाकर रील बना रही थी। इसी दौरान उनका पैर फिसला और उसकी मौत हो गई। इस घटना की सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस पहुंची और मौके से मृतका का मोबाईल फोन जब्त कर लिया गया है।
प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस को मृतका के मोबाइल फोन से एक वीडियो मिला है, जिसमें वह फंदे के साथ वीडियो रिकॉर्ड करती हुई दिखाई दे रही है। शुरुआती आशंका है कि महिला सोशल मीडिया के लिए रील बना रही थी और इसी दौरान यह हादसा हुआ। हालांकि पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत के वास्तविक कारणों का होगा खुलासा :
पुलिस की जांच क़ानूनी नियमों के अनुसार होगी, ऐसे में पुलिस जांच में जुट गई है, मोबाईल फोन में मिले वीडियो, घटनास्थल की परिस्थितियों, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों का बारीकी से परीक्षण किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया कंटेंट और रील बनाने के दौरान बरती जाने वाली सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रायगढ़ की इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है। फिलहाल पुलिस जांच जारी है और मौत के कारणों को लेकर अंतिम निष्कर्ष आना बाकी है। ऐसे कई मामले सामने आते रहते है, जिसमें लोग जान जोखिम में डालकर ऐसे विडियो बनाते है।



