छत्तीसगढ़ में इकट्ठे तीन सिस्टम सक्रिय, बारिश को लेकर आई ये जानकारी….।

रायपुर : विश्वभर में अल नीनो का प्रभाव अपनी जगह पड़ रहा है तो वहीँ, छत्तीसगढ़ में भी गर्मी कम नहीं है। वहीँ छत्तीसगढ़ में लगातार बदलते मौसम के बीच गर्मी से राहत मिलने लगी है। प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को मेघगर्जन, वज्रपात और बारिश दर्ज की गई, जिससे अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री तक गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब से बिहार तक बनी मौसमी द्रोणिका, पूर्वी विदर्भ से तमिलनाडु तक सक्रिय सिस्टम और दक्षिणी क्षेत्रों से आ रही नमी के असर से प्रदेश में मौसम सक्रिय बना हुआ है। ऐसे में मौसम मिला जुला हुआ है, लेकिन बारिश को लेकर खास जानकारी सामने आई है।

रायपुर सर्वाधिक गर्म, सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस ज्यादा :

रायपुर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से करीब दो डिग्री अधिक रहा। बस्तर और सरगुजा संभाग के कई इलाकों में मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में तीव्र मेघगर्जन और वज्रपात की गतिविधियां जारी रहने की चेतावनी दी है। रायपुर सहित कई शहरों में शाम के समय अंधड़ और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। वहीँ बीते दिनों बारिश में गिरावट देखी गई है।

तीन सिस्टम से बदला मौसम का मिजाज :

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में फिलहाल तीन अलग-अलग सिस्टम सक्रिय हैं, जो मौसम पर गहरा प्रभाव डाल रहे है। पंजाब से बिहार तक समुद्र तल पर बनी मौसमी द्रोणिका, पूर्वी विदर्भ से तेलंगाना और तमिलनाडु तक फैला ट्रफ तथा दक्षिण से लगातार पहुंच रही नमी के कारण बादलों की गतिविधियां तेज हुई हैं। इसी प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में अचानक तेज बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की स्थिति बन रही है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटे तक यह स्थिति बनी रह सकती है। शाम और रात के समय मौसम ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है।

अगले दो दिन वज्रपात का अलर्ट :

वहीँ मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश के कई जिलों में अगले दो दिनों तक गरज-चमक के साथ वज्रपात हो सकता है। किसानों, ग्रामीण क्षेत्रों में काम कर रहे लोगों और खुले स्थानों में रहने वालों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने और इलेक्ट्रानिक उपकरणों के उपयोग में सतर्कता बरतने को कहा है। वहीँ रायपुर शहर में शनिवार को आंशिक बादल छाये रहने और शाम के समय बारिश या अंधड़ आने की संभावना जताई गई है।

रायपुर में गर्मी कम, कई जिलों में अच्छी बारिश :

प्रदेश में शुक्रवार को कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई और उमस में कमी महसूस की गई। रायपुर, दुर्ग, नगरी, अंबिकापुर और बस्तर क्षेत्र में मौसम अपेक्षाकृत सुहाना रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मानसूनी गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। यदि यही स्थिति रही तो जून के अंतिम सप्ताह तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में नियमित बारिश शुरू हो सकती है। वहीँ बारिश को लेकर किसान भी आशान्वित हो गये है।