कोरिया कटगोड़ी हत्याकांड में भाजपा नेता मनोज त्रिपाठी सहित चार आरोपियों ने किया आत्मसमर्पण।

मनेंद्रगढ़ : बीते दिनों कोरिया जिले के सोनहत तहसील अंतर्गत ग्राम कटगोड़ी में मंगलवार को हुई भाजपा नेता की नृशंस हत्या के मामले में आज मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी समेत चार आरोपियों ने मनेद्रगढ़ कोतवाली में आत्मसमर्पण कर दिया है, इस मामले में आरोपियों को पुलिस ने न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें बैकुंठपुर जेल भेज दिया गया है। आपको बता दें कि 16 जून की काली रात को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कद्दावर स्थानीय नेता सहित तीन लोगों को कार के भीतर पेट्रोल डालकर जिंदा फूंक देने वाले जघन्य व रूह कंपा देने वाले नरसंहार सामने आया था।

जिसमें फॉर्च्यूनर सवार भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह के साथ उनके साथियों को गाड़ी में पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया गया था। इस घटना में भरत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी, तो वहीं उनके दो साथियों – वीरेंद्र सिंह उर्फ वीरू और नागेंद्र सिंह – ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। जिसके बाद मामले ने राजनैतिक बवाल ले लिया था।

इस घटना के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी भाजपा नेता मनोज त्रिपाठी के साथ अमन त्रिपाठी, आशुतोष त्रिपाठी और निशांत त्रिपाठी ने आज मनेंद्रगढ़ कोतवाली में पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है, इसके पहले अक्षय त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मन्नू त्रिपाठी को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। इस तरह से अब तक आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। तो वहीं एक आरोपी अब भी फरार चल रहा है।

तीन लोगों की हो चुकी है मौत :

जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच रेत उत्खनन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस घटना के एक दिन पहले मरने वाले भाजपा नेता लल्ला सिंह के एक रिश्तेदार ने अपने साथियों के साथ मिलकर आरोपियों की पिटाई की थी, जिसके बाद इसको लेकर गुस्से से भरे आरोपियों ने सुलह के बहाने मृतक को गांव में बुलाया गया था। मृतकों के गांव में पहुंचने के साथ ही उनकी गाड़ी को पहले टिपर से क्षतिग्रस्त किया गया। इसके बाद गाड़ी में पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई थी, वहीँ आग से बचने के लिए जो शख्स गाड़ी से बाहर निकला उसे आरोपियों ने पीट-पीटकर फिर से गाड़ी में डाल दिया गया था। इस पूरे मामले को लेकर पुलिस ने बताया कि, नौगई हत्याकांड मामले में कुल 9 आरोपियों को चिन्हित किया गया था. जिसमें से चार आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था। शनिवार को मनोज त्रिपाठी, अमन त्रिपाठी, आशुतोष त्रिपाठी और निशांत त्रिपाठी ने आत्मसमर्पण किया है।