धमतरी : छत्तीसगढ़ को नशे के सौदागरों ने बर्बाद कर दिया है, गांजा, शराब, ड्रग्स आदि धड़ल्ले से बिक रहा है और पुलिस भी नियमित कार्यवाही कर रही है, इसी के अंतर्गत छत्तीसगढ़ की धमतरी पुलिस की तरफ से मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 90 हजार रुपए के हेरोइन चिट्टा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके बाद काफी माल बरामद हुआ है।
सामने आये मामले के अनुसार सिटी कोतवाली थाना पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पीजी कॉलेज ग्राउंड के पास खड़ा है, जो कि अवैध हेरोइन चिट्टा को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। इस सूचना पर एक्शन लेते हुए पुलिस टीम ने क्षेत्र में घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया गया।
4.76 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद :
इस दौरान रायपुर के मुकेश कुमार साहू उर्फ बोनसी पिता अमरनाथ साहू, उम्र 40 वर्ष को गिरफ्तार किया गया है, जो कि हाल ही में सोरिद नगर डीपोपारा, धमतरी में रह रहा था। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली, तो लगभग 4.76 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया गया, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 90,000 रूपये से अधिक आंकी गई है, ऐसे में पुलिस इसके कनेक्शन भी जांच रही है।
जेल भेजने की कार्यवाही जारी :
इसके साथ ही आरोपी के कब्जे से एक मोबाईल फोन, नगदी रकम 20,000 रूपये और एक बाइक भी बरामद की गई है। जब्त मशरूका की कीमत 2 लाख 30 हजार रुपए आंकी गई है। इसके अलावा आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली धमतरी में 21(ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेजे जाने की कार्यवाही की जा रही है, आरोपी के बारे में और भी जानकारी जुटाई जा रही है।
SP की जिलेवासियों से अपील :
पुलिस अधीक्षक धमतरी ने जिलेवासियों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जायेगी। धमतरी पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि नशे के कारोबार से युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने वाले तस्करों एवं सौदागरों के विरुद्ध कठोर से कठोर वैधानिक कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। वहीँ पुलिस ने युवाओं को नशे से दूरी बनाने के लिये भी कहा है।



