पारिवारिक विवाद के चलते हताश युवती ने खाया जहर, इलाज के दौरान हुई मौत, परिजन सदमे में।

रायगढ़ : दुनियां से लड़ने का दम रखने वाला आदमी भी पारिवारिक कलह के आगे हार जाता है, ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जिसमें जिंदगी की रंगीन दुनिया में डांस और वीडियो रील्स के जरिए अपनी पहचान बना रही 20 वर्षीय चांदनी नेगी की कहानी दर्दनाक मोड़ पर खत्म हो गई। जानकारी के अनुसार घर-परिवार के भीतर उपजे विवाद ने ऐसा गहरा असर डाला कि युवती ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से परिवार और इलाके में शोक की लहर फैल गई है। मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का बताया गया है। वर्तमान में युवाओं के ऊपर चौतरफा दबाव है, अपना भविष्य बनाने का, लोगों से मानसिक अत्याचार बर्दाश्त करने का, नजदीकी लोगों से जलनखोरी का, आर्थिक-सामाजिक दिक्कतों और विभिन्न समस्याओं से जूझने। ऐसे में एक और मानसिक दबाव उन्हें खौफनाक कदम उठाने पर मजबूर कर देता है।

इस मामले में मिली जानकारी के अनुसार, घरघोड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम टेड़ा नवापारा की रहने वाली मृतका चांदनी नेगी (20 वर्ष) अपने परिवार में तीन भाइयों और पांच बहनों के बीच सातवें नंबर पर थी। चांदनी सोशल मीडिया पर वीडियो रील्स बनाती थी और डांस कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर अपनी अलग पहचान बना रही थी। बताया जा रहा है कि वह इससे कुछ आय भी अर्जित करती थी, जिसे वह अपने लिये खर्च करती थी।

परिजनों को जहर खाने की दी जानकारी :

युवती के बारे में परिजनों ने बताया है कि 17 जून को घर में सभी भाई-बहन आपस में हंसी-मजाक कर रहे थे। इसी बीच चांदनी का किसी बात पर विवाद हो गया और वह नाराज हो गई। इसके अगले दिन 18 जून को वह घरघोड़ा से रायगढ़ आने के लिए बस में सवार हुई। यात्रा के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और उल्टी होने पर उसने अपने परिजनों को फोन कर बताया कि उसने जहर खा लिया है। इसकी सूचना मिलते ही रिश्तेदार उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज रायगढ़ लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक इलाज शुरू किया गया। बाद में उसकी बहन और जीजा मौके पर पहुंचे और बेहतर उपचार के लिए उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद चांदनी की जान नहीं बच सकी, जिससे परिजन गहरे सदमे में चले गये।

जांच में जुटी पुलिस :

एक उभरती हुई जिंदगी का इस तरह अचानक खत्म हो जाना कई सवाल छोड़ गया है। जिस लड़की की पहचान मंच और मोबाईल स्क्रीन पर मुस्कान से थी, उसकी मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौत के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। बताया गया है कि टेण्डा नवापारा में रहने वाली 20 वर्षीय रील स्टार चांदनी नेगी ने भाई-बहनों से हुए मामूली विवाद के बाद जहर खाकर खुदकुशी कर ली है। मृतका सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थी। वह डांस प्रतियोगिताओं में भाग लेने के साथ ही लोगों को डांस सिखाती थी।