संत कबीर नगर (उ.प्र.) : उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर में 26 वर्षीय दलित युवक आनंद की हत्या के बाद क्षेत्र में काफी तनाव का माहौल बना हुआ है। मामले को लेकर बताया जा रहा है कि आनंद ने अपने परिवार की बहनों के साथ कथित छेड़छाड़ का विरोध किया था, जिसके बाद उसकी निर्मम हत्या कर दी गई है, इस घटना के बाद ही क्षेत्र में लोगों में आक्रोश फैल गया है और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग तथा भीम आर्मी के कार्यकर्ता न्याय की मांग को लेकर सामने आये है, यहाँ हालात को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है, वहीँ इस मामले में परिजनों ने पहले अंतिम संस्कार रोक दिया था, लेकिन प्रशासन के समझाने के बाद अंतिम संस्कार कराया गया।
परिवार ने लगाये गंभीर आरोप :
मृतक के परिजनों का आरोप है कि मुख्य आरोपी नासिर अली पहले से ही परिवार की लड़कियों के साथ अश्लील व्यवहार करता था, वह आये दिन छेड़छाड़ करता था, उनका कहना है कि आनंद ने इसका विरोध किया था, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और इसी रंजिश में उसकी हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जिसके चलते पुलिस और प्रशासन को अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करने पड़े। इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाकर रखा हुआ है।
मुआवजा और नौकरी की मांग :
आनंद के परिवार और उनके समर्थन में खड़े लोगों ने सरकार से आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और भरण-पोषण भत्ता देने की मांग की है। वहीँ प्रशासन की ओर से परिजनों को मुआवजा, सरकारी नौकरी और भरण-पोषण भत्ता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया है। घटना को लेकर पुलिस ने बताया है कि मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है और आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। माहौल काफी तनावपूर्ण बताया जा रहा है।
कानून व्यवस्था पर उठे सवाल :
इस घटना के बाद दलित अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा को लेकर भी बहस तेज हो गई है। परिवार और भीम आर्मी के लोगों का कहना है कि यह केवल एक हत्या का मामला नहीं है, बल्कि दलित समाज के खिलाफ बढ़ती हिंसा का गंभीर उदाहरण है। इस घटना ने समाज में समानता, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिये हैं। अब लोगों की नजर प्रशासन की आगे की कार्यवाही पर है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी, दोषियों को जल्द सजा मिलेगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। वहीँ इस घटना से क्षेत्रवासियों में काफी आक्रोश देखा गया है।



