रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सेंट पॉल स्कूल परिसर में बने एक विवादित सामुदायिक भवन पर प्रशासन का बुलडोजर चल गया है। इस मामले में हिंदू स्वाभिमान संगठन की प्रदेश अध्यक्ष विश्वदिनी पांडेय ने सामुदायिक भवन के नाम पर चर्च बनाए जाने का आरोप लगाया था और इसकी शिकायत भी की थी, जिसके बाद नगर निगम और जिला प्रशासन ने यह बड़ी कार्यवाही की है। जानकारी के अनुसार सेंट पॉल स्कूल परिसर के पास बने निर्माणाधीन विवादित ढांचे पर मंगलवार को प्रशासन ने कार्यवाही करते हुए बुलडोजर चलाकर ढहा दिया है। यहाँ सुबह से शुरू हुई कार्यवाही में जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से भवन को ध्वस्त किया गया है। कार्यवाही के दौरान पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था।
वहीँ मौके पर अपर कलेक्टर, एडीसीपी, नगर निगम, राजस्व विभाग और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने परिसर के दोनों ओर की सड़कों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया और पूरे अभियान की कड़ी निगरानी की गई, हालाँकि किसी भी प्रकार के विवाद की कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
बताया जा रहा है कि जिस भूमि पर निर्माण किया जा रहा था, उसकी लीज अवधि समाप्त हो चुकी थी। इसी आधार पर नियमानुसार कार्यवाही करते हुए निर्माणाधीन ढांचे को हटाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरी कार्यवाही कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है और भूमि संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए यह कदम उठाया गया। सेंट पॉल स्कूल परिसर में बन रहे इस ढांचे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जा रहे थे कि सामुदायिक भवन के नाम पर चर्च का निर्माण किया जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर कई संगठनों ने आपत्ति दर्ज कराते हुए प्रशासन से कार्यवाही की मांग की थी। जिसको लेकर अब कार्यवाही की गई है।
भारी सुरक्षा के बीच चला अभियान :
इस कार्यवाही के दौरान आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुटी रही। हालांकि प्रशासन ने पहले से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर रखे थे, जिससे पूरे अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य बनी रही। अधिकारियों ने बताया कि कार्यवाही के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था या विरोध की स्थिति नहीं बनी। सेंट पॉल स्कूल परिसर के पास हुए इस बुलडोजर अभियान को राजधानी की बड़ी प्रशासनिक कार्यवाहियों में माना जा रहा है। इस कार्यवाही के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चायें तेज हो गई हैं। वहीं प्रशासन का कहना है कि नियमों के विपरीत किसी भी निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जायेगा और भविष्य में भी ऐसी कार्यवाही जारी रहेगी।
इस पूरे मामले में हिंदू स्वाभिमान संगठन की प्रदेश अध्यक्ष विश्वदिनी पांडेय ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है सेंट पॉल स्कूल परिसर एक शैक्षणिक संस्थान है। सेंट पॉल ट्रस्ट के पास इस जमीन की लीज़ साल 2022 में ही खत्म हो चुकी है। लीज़ समाप्त होने के बावजूद स्कूल परिसर में सामुदायिक भवन के नाम पर चर्च का निर्माण किया जा रहा था। इस निर्माण के लिए न तो ट्रस्ट के पास परमिशन थी और न ही नगर निगम को इसकी कोई जानकारी दी गई थी। वही उन्होंने आगे कहा कि हमारी शिकायत को शासन-प्रशासन ने सही पाया।



