दुर्ग/भिलाई : दुर्ग जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिससे मकान मालिक भी तनाव में आ गया और उसने तुरंत ही पुलिस को सूचित किया, दुर्ग जिले में पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए भारी मात्रा में गुटखा और उसके निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की है। यह पूरा मामला जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र के कचांदुर गांव का है, जहां डिटर्जेंट पाउडर बनाने के नाम पर एक गोदाम किराए पर लेकर अवैध रूप से जर्दा युक्त गुटखा तैयार किया जा रहा था और इसकी पैकेजिंग का काम भी किया जा रहा था।
दरअसल सुपेला का रहने वाले मोहम्मद मुस्तफा के गोदाम को उत्तर प्रदेश उन्नाव के रहने वाले मोहम्मद शान ने करीब 20 दिन पहले ही किराये पर लिया था। गोदाम लेने के दौरान उसने डिटर्जेंट पाउडर निर्माण का काम करने की जानकारी दी थी, लेकिन कई दिनों तक उसका गोदाम मालिक से कोई संपर्क नहीं हुआ। मकान मालिक ने उसको कई बार फोन लगाया, लेकिन किरायेदार का मोबाइल फोन लगातार बंद रहने से गोदाम मालिक को संदेह हुआ, जिस पर उसने जेवरा सिरसा चौकी पुलिस को इसकी सूचना दी।
इस मामले की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोदाम की जांच की तो जांच के दौरान वहां से 32 बड़े बोरों में तैयार गुटखा, 32 बोरों में मीठी सुपारी, गुटखा बनाने में उपयोग होने वाला रॉ मटेरियल, और पैकिंग, मिक्सिंग मशीन बरामद की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फूड सेफ्टी विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया था।
वहीँ प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोदाम में अवैध गुटखा की पैकेजिंग और निर्माण का कार्य किया जा रहा था। फिलहाल बरामद सामग्री को फूड सेफ्टी अधिकारियों को सौंप दी गई है, और मामले में संबंधित व्यक्तियों की तलाश के साथ आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
इसके साथ ही आपको बता दें कि शिकायत मिलते ही पुलिस की टीम जब मौके पर पहुंची और गोदाम का ताला खोला, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गई। तलाशी के दौरान पुलिस ने वहां से गुटखा मिक्स करने वाली बड़ी मशीनें बरामद कीं। 32 बड़े बोरों में पैक किया हुआ तैयार गुटखा, 32 बोरों में रखी मीठी सुपारी, गुटखा बनाने के लिए भारी मात्रा में रॉ मटेरियल (कच्चा माल) जब्त किया गया है।



