गांजा विक्रेता का पता नहीं बताने पर नशेड़ियों ने नाबालिग पर चाकू से किया ताबड़तोड़ हमला, नाबालिग गंभीर, सामने आया ये मामला….।

धमतरी : राज्य में नशे का कारोबार लगातार बढ़ता ही जा रहा है, जो अपराध को जन्म दे रहा है, ऐसे ही छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां गांजा बेचने वाले का पता नहीं बताने पर कुछ नशेड़ी युवकों ने एक नाबालिग पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। यह मामला भखारा थाना क्षेत्र का बताया गया है, जहाँ यह चाकूबाजी की घटना हुई है।

जानकारी के अनुसार, भखारा के भेंडरवानी गांव में दो युवक एक नाबालिग से गांजा सप्लाई करने वाले का पता पूछ रहे थे। नाबालिग ने उन्हें पता बताने से इंकार कर दिया। इसी बात से युवक तैश में आ गये और अपने साथ लाये चाकू से नाबालिग पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीँ आनन-फानन में उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज किये जाने की जानकारी सामने आई है। इस दौरान ग्रामीणों ने आरोपियों में से एक को धर दबोचा और उसकी बेदम पिटाई कर दी है, जिससे वह भी घायल हो गया है।

जिसके बाद इस घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई, और अब पुलिस जांच में जुट गई है। लेकिन इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं कि क्या अब “ना” में जवाब देना भी जानलेवा बन गया है? क्या नशेड़ियों के हौसले इतने बुलंद होते जा रहे हैं? और क्या अब राह चलते इंसान को रास्ते में चलना छोड़ देना चाहिए? बहरहाल, एक ओर घायल का इलाज जारी है, वहीं इस घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीण गांजा तस्करों के साथ-साथ नशा करने वालों पर भी कार्यवाही की मांग कर रहे हैं। गांजा बेचने वाला तो कमा के निकल जाता है, लेकिन ये नशेडी घातक होते जा रहे है।