बालोद : कई बार शराबियों की हरकतें चौंकाने वाली होती है तो कभी डराने वाली, कभी कभार हंसाने वाले मामले भी सामने आ जाते है, ऐसे ही छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक हैरतअंगेज मामला सामने आया है। यहाँ गुण्डरदेही के रामसागर तालाब में एक युवक के डूबने की खबर से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। लोग मौके पर पहुंचे तो तालाब में युवक को निश्चल पड़ा देख उसे मृत समझ बैठे, जिसके बाद वहां भीड़ जुटने लगी। इस मामले की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जैसे ही पुलिसकर्मी उसे बाहर निकालने के लिए पानी में उतरे, तो युवक अचानक उठकर बैठ गया। यह नजारा देखकर मौके पर मौजूद लोग और पुलिसकर्मी भी हैरान रह गये। बाद में पता चला कि युवक शराब के नशे में था, जो काफी देर से तालाब में उस हालात में तैर रहा था।
दरअसल, सोमवार को नगर पंचायत गुण्डरदेही के वार्ड क्रमांक-3 स्थित रामसागर तालाब में एक युवक के पानी में पड़े होने की सूचना तेजी से फैल गई। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, यहाँ भारी भीड़ जुटने लगी। युवक लंबे समय तक पानी में एक ही जगह पड़ा दिखाई देने के कारण लोगों ने उसे मृत समझ लिया गया, लेकिन किसी ने भी पानी में उतरकर उसे बाहर निकालने का साहस नहीं किया, सभी क़ानूनी पचड़े से दूर ही रहना चाहते थे, उस समय लोगों के बीच कौतुहल मच गया।
इसके बाद मामले की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवक को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया गया। जैसे ही पुलिसकर्मियों ने युवक को पकड़कर बाहर निकालना चाहा, वह अचानक उठकर बैठ गया, जिससे पुलिसकर्मी भी हड़बड़ गये। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग और पुलिसकर्मी भी हैरान रह गये, किसी को कुछ समझ में नहीं आया।
नशे में था युवक :
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान सूरज ठाकुर, पिता भोला ठाकुर, निवासी गुण्डरदेही के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वह शराब के नशे में था। युवक के सुरक्षित मिलने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। वहीँ पुलिस ने युवक से पूछताछ भी की, इस घटना के दौरान युवक के डूबने की सूचना से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक वास्तव में कितनी देर तक पानी में था, वह डूब रहा था या नशे की हालत में पानी में पड़ा हुआ था। इस संबंध में पुलिस की आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जांच का इंतजार है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक काफी देर तक तालाब में एक ही स्थान पर दिखाई दे रहा था, जिससे लोगों ने उसके डूबने की आशंका जताई और सूचना तेजी से फैल गई। पुलिस ने युवक से पूछताछ कर आवश्यक कार्यवाह की है तथा मामले की जांच जारी है।



