रायपुर : राजधानी में चौंकाने वाला मामला सामने आया है, मामले के अनुसार रायपुर में फाइव स्टार होटलों को निशाना बनाने वाले एक शातिर ठग का मामला सामने आया है। आरोपी ने होटल हयात में तीन दिन तक ठहरकर महंगे भोजन और अन्य सुविधाओं का लाभ उठाया। इसके बाद ऑफिस के काम का बहाना बनाकर होटल का लैपटॉप लेकर फरार हो गया, जिसके बाद होटल वाले परेशान हो गये। इस घटना के बाद तेलीबांधा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
तमिलनाडु निवासी 61 वर्षीय भीमसेन जॉन पर आरोप है कि वह तीन दिन तक होटल में ठहरा, महंगे भोजन और अन्य सुविधाओं का लाभ उठाया तथा बाद में कार्यालय के काम का बहाना बनाकर होटल प्रबंधन से किराये पर मंगाया गया लैपटॉप लेकर फरार हो गया। आरोपी होटल का ₹63,755 का बिल भी बिना चुकाये चला गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी 25 जून 2026 को होटल हयात पहुंचा था। उसने स्वयं को कारोबारी बताते हुये होटल के कमरा नंबर 512 में लग्जरी रूम बुक कराया था। इसके अगले तीन दिनों तक उसने होटल की विभिन्न सुविधाओं का उपयोग किया, महंगे भोजन का ऑर्डर दिया और पार्टी भी की। इस दौरान उसने होटल प्रबंधन से जरूरी ऑफिस कार्य का हवाला देकर एक लैपटॉप उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। जिस पर होटल ने मेहमान की सुविधा को देखते हुए बाहरी एजेंसी से करीब ₹1.48 लाख कीमत का लैपटॉप किराये पर मंगवाकर उसे उपलब्ध करा दिया था, जिसे आरोपी लेकर चला गया।
बिना चेकआउट किए होटल से गायब :
बताया गया है कि 27 जून की सुबह आरोपी बिना औपचारिक चेकआउट किए होटल से निकल गया। जब होटल कर्मचारियों ने उसके कमरे की जांच की तो वह खाली मिला। इसके बाद पता चला कि आरोपी न तो होटल का ₹63,755 का बिल चुका कर गया और न ही उसे दिया गया लैपटॉप ही लौटाया। जिसके बाद होटल प्रबंधन ने उसके दोनों मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन सभी नंबर बंद मिले। घटना के बाद होटल हयात के सिक्योरिटी इंचार्ज सूरज सिंह ने तेलीबांधा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पहले भी कई शहरों में कर चुका है वारदात :
इस घटना की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भीमसेन जॉन देशभर के लग्जरी होटलों को इसी तरह निशाना बनाता रहा है। पुलिस के अनुसार, वह मुंबई, दिल्ली, पुणे, हैदराबाद सहित कई शहरों के फाइव स्टार होटलों में कथित रूप से इसी तरीके से ठगी कर चुका है। विभिन्न रिपोर्टों के मुताबिक आरोपी अब तक 182 लग्जरी होटलों को अपना निशाना बना चुका है, हर जगह उसने इसी प्रकार का कृत्य किया है।
बताया जाता है कि वह महंगे कपड़े पहनकर और खुद को अधिकारी या कारोबारी बताकर होटल में कमरा बुक कराता है। कुछ दिनों तक होटल की सुविधाओं का उपयोग करने के बाद बिल भुगतान के समय बहाना बनाकर फरार हो जाता है। वहीँ कई मामलों में वह होटल से मूल्यवान सामान भी लेकर निकल जाता है, जिसके बाद वह वापस नहीं आता।
1997 से शुरू किया ठगी का खेल :
पुलिस की जांच में सामने आई जानकारी के अनुसार, भीमसेन जॉन वर्ष 1997 में एक होटल में वेटर के रूप में काम करता था। बताया जाता है कि उस समय वेतन विवाद के बाद उसने होटल उद्योग को निशाना बनाना शुरू किया था। जिसके बाद के वर्षों में उसने कथित रूप से देश के कई फाइव स्टार होटलों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है। खबरों के अनुसार, पिछले वर्ष मुंबई पुलिस ने उसे एक होटल से गिरफ्तार भी किया गया था। जेल से रिहा होने के बाद वह फिर से सक्रिय हो गया। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर पुलिस को बताया था कि उसे चोरी और ठगी करने का शौक है।
पुराने रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस :
रायपुर पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य राज्यों में दर्ज मामलों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही होटल के सीसीटीवी फुटेज, दस्तावेजों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
डीसीपी ने क्या कहा ?
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत सेंट्रल जोन के डीसीपी उमेश कुमार गुप्ता ने बताया कि होटल प्रबंधन की शिकायत पर तेलीबांधा थाना में अपराध दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पिछले तीन-चार दिनों से होटल में ठहरा हुआ था और स्वयं को अधिकारी बताकर होटल प्रबंधन का विश्वास जीतता था। साथ ही उसके संभावित ठिकानों का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।



