रायपुर : मौसम विभाग के अनुसार मानसून का इंतजार खत्म हो चुका है, 1 जुलाई को बारिश नहीं हुई और दिनभर बादल छाये रहे, लेकिन अब बारिश शुरू हो जायेगी। दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे छत्तीसगढ़ में सक्रिय हो चुका है। पिछले 24 घंटों में सरगुजा और बस्तर के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हुई है। प्रदेश में आज और कल भारी से अति भारी बारिश की संभावना है, मौसम विभाग बे चेतावनी जारी की है। राजधानी रायपुर में बुधवार को सुबह से काले बादल छाये रहे है। दोपहर तक उमस ने लोगों को परेशान किया, इसके बाद फिर हल्की बूंदबांदी ने थोड़ी राहत दी है। आज भी शहर में इसी तरह का मौसम बना हुआ है। आसमान में काले बादल छाए हुए हैं।
सिनेप्टिक सिस्टम :
मौसम विभाग के मुताबिक, एक मौसमी द्रोणिका औसत समुद्र तल पर पंजाब से बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से तक फैली हुई है और औसत समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर तक फैली हुई है। बंगाल की खाड़ी के उत्तरी हिस्से और उससे सटे दक्षिणी बांग्लादेश देश के ऊपर, औसत समुद्र तल से 1.5 से 7.6 किमी की ऊंचाई के बीच ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जो ऊंचाई के साथ दक्षिण-पक्षिम की ओर झुक रहा है। इसके प्रभाव से 3 जुलाई 2026 के आसपास उत्तर-पक्षिम बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास के क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। उत्तर छत्तीसगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर, एक ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण स्थित है। छत्तीसगढ़ में अब तक सामान्य से 60 फीसदी कम बारिश हुई है। जो आगे ज्यादा बारिश में बदल जायेगी।
इन क्षेत्रों में कैसा रहा तापमान :
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में सबसे ज़्यादा बलरामपुर-रामानुजगंज में 34.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा बिलासपुर में 34, जशपुर में 33.5, अंबिकापुर में 33.1, कोरबा में 32.9, दुर्ग में 30.6 और जगदलपुर में 28.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। राजधानी रायपुर में आज मौसम विभाग ने आसमान में बादल छाए रहने की संभावना जताई है। साथ ही तेज हवा चलने और बारिश के भी संकेत हैं। अधितकम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के करीब रह सकता है। वहीँ विभिन्न जिलों में बारिश की सम्भावना जताई गई है।



