TMC सांसद महुआ मोइत्रा पर भीड़ ने फेंके अंडे, भाजपा कार्यकर्ताओं पर लगाया आरोप।

कोलकाता (बंगाल) :  सत्ता बदलने के बाद से ही TMC के नेता आम लोगों के निशाने पर है, वहीँ अब तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा ने बुधवार को आरोप लगाया है कि पश्चिम बंगाल में एक रेस्टोरेंट के बाहर जमा हुई भीड़ ने उन पर अंडे फेंके है। जिसको लेकर मोइत्रा ने अपने X अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें दिख रहा है कि रोड पर जमा भीड़ में से कुछ लोग सांसद पर अंडे फेंक रहे हैं। इस वीडियो में दिख रहा है कि अंडे फेंके जाने के दौरान भीड़ के पास कुछ पुलिसकर्मी भी हैं। कृष्णानगर की सांसद ने आरोप लगाया कि यह हमला भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया है और राज्य की पुलिस तमाशबीन बनी रही। वहीं इस घटना से महुआ मोइत्रा ने काफी नाराजगी जताई है।

अंडे फेंके जाने का वीडियो आया सामने :

इस घटना के दो वीडियो सामने आये हैं, जो अलग-अलग तरफ से रिकॉर्ड किये गये है। जिसमें से एक वीडियो में कुछ पुरुष और महिलायें अंडे फेंकते और नारे लगाते दिख रहे हैं, जबकि पास की सड़क पर गाड़ियां चल रही हैं। वहीँ दूसरा वीडियो खुद मोइत्रा ने रिकॉर्ड किया है। जिसकी फुटेज में अंडे खिड़कियों पर लगते हुए दिख रहे हैं, जबकि कृष्णानगर की सांसद अपने मोबाईल फोन से घटना को रिकॉर्ड कर रही हैं और स्थानीय TMC नेताओं व पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठी हैं। बताया गया है कि यह कृत्य आम लोगों द्वारा किया गया है, जबकि महुआ मोइत्रा ने इसे भाजपा कार्यकर्ताओं का कृत्य बताया है।

महुआ मोइत्रा ने भाजपा पर लगाया आरोप :

जब अंडे लगातार कांच की खिड़कियों पर लग रहे थे, तब महुआ मोइत्रा को भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं पर इस हमले की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए सुना जा सकता है। ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं और TMC का आरोप है कि इस घटना के पीछे भाजपा कार्यकर्ता थे। इस आरोप पर भाजपा की तरफ से तुरंत कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

इसके पहले भी मई में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनावों में बीजेपी की जीत के बाद से अभिषेक बनर्जी समेत टीएमसी के कई नेताओं पर अंडे फेंके जाने की घटनायें सामने आई हैं। 7 जून को भी मिदनापुर में कुछ उपद्रवी लोगों ने TMC नेता सुजॉय हाज़रा की गाड़ी पर अंडे फेंके थे। कोलकाता के काउंसलर बाप्पादित्य दासगुप्ता और मोहम्मद जसीमुद्दीन पर भी अंडे फेंके गये थे। वहीँ 18 जून को उदयन गुहा को भी इसी तरह निशाना बनाया गया, जबकि 19 जून को आसनसोल कोर्ट के बाहर TMC नेता विजय सिंह पर प्रदर्शनकारियों ने “चोर, चोर” के नारे लगाते हुए अंडे फेंके गये थे, इस तरह की घटनायें TMC नेताओं के साथ होने की बात सामने आई है।