धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के चौकी बिरेझर (थाना कुरूद) अंतर्गत ग्राम गोजी में संदिग्ध मौत का मामला सामने आया था, पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और धीरे-धीरे कड़ियाँ जुड़ती चली गई है। जिसमें पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतक की मां और भाई को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
आत्महत्या का रूप देने की कोशिश :
इस मामले में मिली जानकारी के अनुसार, 23 वर्षीय नरसिंग साहू की हत्या के बाद शव को फंदे पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई थी, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट, वैज्ञानिक साक्ष्यों और परिस्थितिजन्य जांच ने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने बताया है कि 29 जून को नरसिंग साहू का शव फांसी पर लटका हुआ मिला था। शुरुआती परिस्थितियां आत्महत्या की ओर इशारा कर रही थीं, लेकिन घटनास्थल के सूक्ष्म निरीक्षण, गवाहों से पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण गला दबाकर श्वास अवरुद्ध करना पाए जाने के बाद जांच की दिशा बदल गई। इसके बाद हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना तेज की गई और पुलिस ने अपनी जांच का दायरा बढ़ा लिया।
आरोपियों ने पिलाया कीटनाशक भी :
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के भाई नरेश साहू (22) और मां कमला बाई साहू (60) से पूछताछ की। पुलिस का दावा है कि, दोनों ने स्वीकार किया है कि नरसिंग शराब पीने के लिए पैसों की मांग कर रहा था। विवाद बढ़ने पर पहले हाथ से गला दबाया गया, फिर नारियल की रस्सी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी गई। आरोपियों ने मृतक के जीवित होने की आशंका में उसे कीटनाशक भी पिलाया था, जिससे उसकी मौत हो जाये।
शव लटकाने के बाद गढ़ी आत्महत्या की कहानी :
इस वारदात को अंजाम देने के बाद पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से शव को फंदे पर लटका दिया गया और आत्महत्या की कहानी गढ़ी गई। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच में मिले साक्ष्यों ने इस दावे को खारिज कर दिया। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने थाना कुरूद में अपराध क्रमांक 199/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 238 एवं 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस तरह इस मामले का खुलासा हो गया है।
48 घंटे में ऐसे खुली पूरी साजिश :
- शराब के पैसों को लेकर घर में विवाद हुआ।
- विवाद के दौरान गला दबाकर हत्या करने का आरोप।
- हत्या के बाद कीटनाशक पिलाने का भी आरोप।
- शव को फंदे पर लटकाकर आत्महत्या दर्शाने की कोशिश।
- पोस्टमार्टम रिपोर्ट, वैज्ञानिक साक्ष्य और पूछताछ से पूरा मामला उजागर।



