राज्य के सबसे बड़े सटोरिये सौरभ चंद्राकर के भांजे प्रखर चंद्राकर पर गुंडागर्दी का आरोप, पीड़ित गंभीर रूप से घायल।

दुर्ग/भिलाई : राज्य का सबसे बड़ा सटोरिया सौरभ चंद्राकर भारत छोड़कर दुबई में रह रहा है, भारतीय पुलिस उसके प्रत्यर्पण के लिये प्रयासरत है, वहीँ महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े सौरभ चंद्राकर के भांजे प्रखर चंद्राकर का नाम एक बार फिर सामने आया है। इस बार उस पर अपने दो साथियों के साथ मिलकर एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या की कोशिश करने कि कोशिश है। आरोप है कि बाइक से जा रहे प्रॉपर्टी डीलर को पहले बेसबॉल के डंडे से हमला कर गिराया गया, और फिर चाकू कटर और लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ वार किये गये। पीड़ित के पैर और गर्दन पर 8 से 10 बार किए गए हैं। गंभीर रूप से घायल युवक का अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है। लगभग 9 माह पहले भी राजधानी रायपुर के जूक क्लब में अज्जू पाण्डेय कि पिटाई करने के मामले में पुलिस ने उसका जुलुस भी निकाला था। अब फिर से उसका यह काण्ड सामने अ गया है।

गंभीर हालत में आईसीयू में भर्ती :

इस हमले में गंभीर रूप से घायल योगेश सूर्यवंशी को पहले स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें शंकराचार्य अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए आईसीयू में भर्ती किया है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार घायल की लगातार निगरानी की जा रही है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम इलाज में जुटी हुई है, उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इस घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और परिचित भी अस्पताल पहुंच गये। पुलिस ने घायल का बयान लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी और डॉक्टरों से उसकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी भी लगातार ली जा रही है।

तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस :

भिलाई नगर पुलिस ने मामले की जांच के बाद प्रखर चंद्राकर, हरीश यादव और अमन मूर्ति के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीँ पुलिस के अनुसार आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत कार्यवाही की गई है। प्रखर चंद्राकर का नाम महादेव ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर के भांजे के रूप में सामने आया है। पुलिस इन सभी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच की जायेगी और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्यवाही होगी। घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गये है। पुलिस ने उनकी तलाश के लिए अलग अलग टीमें बनाई हैं। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है और आरोपियों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा, पुलिस कार्यवाही में जुटी हुई है।

हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस :

भिलाई नगर पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। घटना के पीछे की वजह, दोनों पक्षों के बीच पुराने विवाद और हमले की पूरी परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस सभी तकनीकी और प्रत्यक्ष साक्ष्यों को एकत्र कर रही है ताकि मामले में किसी भी तथ्य की अनदेखी न हो। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्यवाही की जाएगी। फिलहाल घायल का इलाज जारी है और पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर चुकी है।