महापौर मीनल चौबे कि व्यवस्थायें धरी कि धरी रह गई, निगम के दावों कि खुली पोल, लोगों के घरों में पहुंचा नाले का गंदा पानी।

रायपुर : सत्ता किसी की भी हो आम आदमी को राहत मिल पाना मुश्किल हो जाता है, खासकर हर बार लोगों को बारिश के समय परेशानी उठानी पड़ती है, ऐसे ही मानसून की पहली ही तेज बारिश ने रायपुर नगर निगम की तैयारियों और दावों की पूरी तरह पोल खोलकर रख दी है, जिनकी तैयारियों कि बात महापौर ने कही थी। राजधानी कि हर गली और मोहल्ले में नालियां जाम हो गई है। वहीँ अब शहर के मोवा स्थित आदर्श नगर, स्ट्रीट नंबर-8 में हालात बद से बदतर हैं। उफनते नाले और जलभराव ने लोगों का जनजीवन ठप कर दिया है। लोगों के घरों में नाले का गंदा पानी घुस गया है। स्थिति इतनी गंभीर है कि सड़क और नाले में अंतर करना मुश्किल हो गया है। लोग जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर हैं, जबकि निगम की व्यवस्थायें पूरी तरह नाकाम नजर आ रही हैं। इसके साथ ही जगह – जगह गड्ढे खुदे हुये है, जो दुर्घटना का कारण भी बन रहे है।

व्यवस्थाओं के दावों की खुली पोल :

हर साल बारिश से पहले नगर निगम बड़े-बड़े दावे करता है, लेकिन जमीनी हकीकत पहली बारिश में ही सामने आ जाती है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद जल निकासी की व्यवस्था पूरी तरह फेल साबित हुई है और हर मानसून में आदर्श नगर समेत कई क्षेत्रों में जलभराव, गंदगी और हादसे के खतरे की स्थिति बनी रहती है। यही स्थिति अब भी लगातार बनी हुई है।

नाले में बह गई साइकिल :

आदर्श नगर में रहने वाले लोगों का कहना है कि बीती रात तेज बहाव में एक व्यक्ति की साइकिल नाले में बह गई। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन लोगों का कहना है कि यदि निगम प्रशासन समय रहते नहीं चेता तो कभी भी किसी की जान जा सकती है। इसके साथ ही गड्ढों से भी लोग खासे परेशान है।

वहीँ रहवासियों ने नगर निगम पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि वर्षों से नाले पर अतिक्रमण होता रहा है, लेकिन निगम ने कभी सख्त कार्यवाही नहीं की गई, जिसका नतीजा यह है कि पहले 7 से 8 फीट चौड़ा नाला अब कई स्थानों पर सिकुड़कर महज 4 से 5 फीट रह गया है। ऊपर से लंबे समय से नाले की सफाई तक नहीं कराई गई, जिससे बारिश का पानी पूरी कॉलोनी में भर जाता है। जगह – जगह नालियों में कचरा भरा पड़ा है, वहीँ प्रोफेसर कॉलोनी के हालात भी बदतर है।

आदर्श नगर के रहवासियों ने प्रशासन और नगर निगम से तत्काल नाले पर हुए अतिक्रमण को हटाने, सफाई अभियान चलाने और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। यहाँ के लोग भी काफी परेशान है।