रायपुर : एक्सपायरी दवाइयां कई बार घातक हो सकती है, वहीँ उनके साइड इफेक्ट भी हो सकते है। वहीँ राजधानी रायपुर में एक्सपायरी मिल्क पाउडर पिलाने से नवजात बच्ची की मौत का मामला सामने आया है। जिसको लेकर परिजनों ने लक्ष्मी मेडिकल हॉल पर एक्सपायरी मिल्क पाउडर बेचने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले में परिजनों का आरोप है कि मेडिकल स्टोर से खरीदा गया एक्सपायरी मिल्क पाउडर नवजात बच्ची को पिलाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई थी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में परिजनों ने मौदहापारा थाने में लिखित शिकायत कर आवश्यक कार्यवाही की मांग की है।
लक्ष्मी मेडिकल हॉल से खरीदा था मिल्क पाउडर :
इस घटना को लेकर पीड़ित चंद्रशेखर कन्नोजे ने बताया कि 29 जून को उनकी पत्नी डागेश्वरी कन्नोजे ने जुड़वा बच्चियों को जन्म दिया था। मां का दूध पर्याप्त नहीं होने के कारण डॉक्टरों ने मिल्क पाउडर खरीदने की सलाह देते हुए पर्ची लिखकर दी थी। इसके बाद 30 जून को पीड़ित पिता मेकाहारा गेट के पास स्थित लक्ष्मी मेडिकल हॉल से एक मिल्क पाउडर का डिब्बा अंकित मूल्य पर खरीदकर अपने परिजनों को दे दिया। आरोप है कि दोनों बच्चियों में से एक को उसी मिल्क पाउडर से तैयार दूध पिलाया गया। 4 जुलाई को उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। गंभीर हालत में उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया।
तबीयत बिगड़ने पर सामने आया एक्सपायरी डेट का मामला :
वहीँ परिजनों के मुताबिक, दोनों नवजात बच्चियों में से एक को मिल्क पाउडर का दूध बनाकर पिलाया गया था। इसके बाद 4 जुलाई को उसकी तबीयत बिगड़ने पर डॉक्टरों को जानकारी दी गई। अब परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने मिल्क पाउडर के डिब्बे पर अंकित एक्सपायरी डेट देखकर बताया था कि एक्सपायरी मिल्क पाउडर पिलाने से बच्ची की तबीयत बिगड़ी है।
मिल्क पाउडर का डिब्बा छीनने का आरोप :
इसके बाद परिजन मिल्क पाउडर का डिब्बा लेकर मेडिकल हॉल पहुंचे और एक्सपायरी सामान देने पर जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि मेडिकल स्टोर संचालक ने उनके हाथ से वह मिल्क पाउडर का डिब्बा छीन लिया और उसकी जगह दूसरा डिब्बा दे दिया था।
इलाज के दौरान नवजात की मौत, थाने में हुई शिकायत :
बताया गया है की दो दिन तक हालत गंभीर रहने के बाद इलाज के दौरान आज 5 जुलाई को नवजात बच्ची की मौत हो गई। बच्ची की मौत के बाद परिजनों ने मौदहापारा थाने में जाकर लिखित शिकायत दी। इसके बाद थाना प्रभारी शक्ति सिंह ने मेडिकल हॉल संचालक को सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने का नोटिस जारी किया है। साथ ही मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) कार्यालय को पत्र भेजकर एक्सपायरी मिल्क पाउडर बेचने के आरोपों की जांच कराने की मांग की गई है। फिलहाल, नवजात बच्ची की मौत से कन्नौजे परिवार गहरे सदमे में है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग कर रहा है। वहीँ इस मामले में माचिस मीडिया द्वारा थाना प्रभारी से बात करने पर उन्होंने व्यस्त होने का हवाला दिया तो मेडिकल स्टोर से भी जवाब नहीं मिल पाया। सामने आये चित्र में एक्सपायरी तारीख 15 फरवरी 2027 दिखाई दे रही है, जबकि पीड़ित द्वारा डब्बा बदलने कि बात कही गई है। वहीँ मामले कि जांच चल रही है।



