रायपुर : राजधानी के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत स्थित बुढ़ापारा में रविवार को पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में अचानक आग लग गई, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। बताया गया है कि आग लगते ही बैंक परिसर से काले धुयें का गुबार उठने लगा, जिसे देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। जिसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गये। रविवार होने के कारण बैंक बंद था, जिससे बैंक परिसर में कोई कर्मचारी या ग्राहक मौजूद नहीं था और बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, जिसके बाद क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली।
दस्तावेजों और सामान को बचाने की कोशिश :
आग बुझाने के साथ ही बैंक के महत्वपूर्ण दस्तावेज, रिकॉर्ड और अन्य जरूरी सामान को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया गया। पुलिस ने एहतियात के तौर पर बैंक परिसर के आसपास लोगों की आवाजाही भी रोक दी, ताकि राहत और बचाव कार्य में किसी तरह की बाधा न आये।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी :
आग पर काबू पाने के बाद बैंक कर्मचारी नुकसान का आकलन करने में जुट गए हैं। मौके पर बैंक मैनेजर, एसीपी और कोतवाली थाना प्रभारी भी मौजूद रहे और स्थिति का जायजा लिया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।



