ग्वालियर (म.प्र.) : कई बार कुछ घटनायें इस तरह से सामने आती है, जो एकबारगी विश्वास करने योग्य नहीं होती, ऐसे ही जिले के रेसकोर्स रोड के पास स्थित तानसेन रेलवे ओवरब्रिज पर शुक्रवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब ओवरब्रिज के बीचों-बीच लगी लोहे की पत्ती और पोल में अचानक करंट आने लगा। रात करीब 8:30 बजे ओवरब्रिज पर खड़ी एक युवक की पल्सर बाइक इस करंट की चपेट में आ गई। करंट इतना तेज था कि बाइक के पहिए का एक हिस्सा बुरी तरह जल गया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, इस घटना से बाईक सवार काफी घबरा गया।
इस घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम की विद्युत शाखा के कर्मचारी तत्काल मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर पूरे ओवरब्रिज की स्ट्रीट लाइट बंद कर दी गई, लेकिन इसके बावजूद पोल में करंट आने की शिकायत लगातार बनी रही। इसके बाद पीडब्ल्यूडी सेतु संभाग के अधिकारी भी स्थिति का जायजा लेने घटना स्थल पर पहुंच गये। जिसको ठीक करने के लिये प्रयास किये गये।
तकनीकी टीम को दी गई सूचना :
चूंकि उह मामला रेलवे ओवरब्रिज से जुड़ा हुआ था, इसलिए तत्काल रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों और तकनीकी टीम को इसकी सूचना दी गई। इसकी सूचना मिलते ही रेलवे की टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच शुरू की। देर रात तक नगर निगम, पीडब्ल्यूडी और रेलवे के तकनीकी कर्मचारी संयुक्त रूप से यह पता लगाने में जुटे रहे कि आखिर ओवरब्रिज के पोल और लोहे की पत्ती में करंट कहां से आ रहा है। अधिकारियों द्वारा आसपास की मुख्य विद्युत लाइनों, स्ट्रीट लाइट के कनेक्शनों और अन्य तकनीकी पहलुओं की सघन जांच की गई, लेकिन खबर लिखे जाने तक करंट आने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका था। रेलवे की तकनीकी टीम सुरक्षा के मद्देनजर देर रात तक मौके पर डटी रही। लगातार समस्या को खोजने का प्रयास किया गया।



