आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर लूटपाट की कोशिश, तीन आरोपी जागेश्वर साहू, आकाश साहू और चेतन ध्रुव गिरफ्तार।

बिलासपुर : राज्यभर में लगातार चोरी और लूटपाट की घटनायें बढ़ती ही जा रही है, ऐसे ही एक मामले में रतनपुर थाना क्षेत्र में रास्ता रोककर युवक की आंखों में मिर्च पाउडर झोंककर लूटपाट करने की कोशिश की गई, इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने, विरोध करने पर युवक से मारपीट करने और उसका मोबाईल फोन तोड़ने का भी आरोप है, पुलिस द्वारा आरोपियों की पृष्ठभूमि का भी पता किया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना 22 जुलाई की है। पीड़ित संतोष यादव अपने साथी के साथ धान का बीज लेकर लौट रहा था। इसी दौरान सेमरा बाजार के पास आरोपियों ने रास्ता रोक लिया और शराब पीने के लिए पैसों की मांग की गई, तीनों ने पहले पीड़ित को धमकाया। पीड़ित द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। इसके बाद लूटपाट की कोशिश की गई, जिससे पीड़ित आँखों में मिर्च जाने से जख्मी हो गया। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित का मोबाईल फोन भी तोड़ दिया।

इस घटना की शिकायत मिलने के बाद रतनपुर थाना पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने घेराबंदी कर चेतन ध्रुव, जागेश्वर साहू और आकाश साहू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया है कि तीनों आरोपी सेमरा (भरारी), थाना रतनपुर के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्यवाही करते हुये उन्हें गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया है कि लूटपाट की घटनायें आमतौर पर नशे की पूर्ति करने के लिये नशे के आदि बदमाश करते है।