कार चलाती हुई महिला ने फ्लाईओवर पर कई वाहनों को मारी टक्कर, कई लोग घायल, मची अफरातफरी, वाहन क्षतिग्रस्त।

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज शुक्रवार को सुबह शहर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र स्थित फ्लाईओवर पर एक तेज रफ्तार कार ने कई लोगों को टक्कर मार दी, बताया गया है कि कार महिला चला रही थी। इस खौफनाक हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गये। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार एक महिला चला रही थी। दुर्घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। सुबह से घटना का विडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

लोगों में अफरा-तफरी मच गई :

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह करीब 10 बजे फ्लाईओवर पर सामान्य रूप से यातायात चल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और उसने सड़क पर चल रहे दोपहिया वाहन चालकों तथा राहगीरों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी तेज थी कि कुछ लोग सड़क पर गिर पड़े, जबकि आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, कई वाहन उसके चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गये।

घायलों को पहुंचाया गया अस्पताल :

इस खौफनाक हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने बिना देर किए राहत कार्य शुरू किया। घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया और एंबुलेंस व पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में सरस्वती नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात बहाल कराया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हादसे में कई लोग घायल हुए हैं। हालांकि घायलों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर अभी तक पुलिस या स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है। रोजाना की दुर्घटनाओं ने लोगों को एक प्रकार के दहशत में डाल दिया है, कई लोग भयग्रस्त हो गये है।

नंबर प्लेट से पुलिस तक पहुंचा सुराग :

इस हादसे के दौरान कार की नंबर प्लेट सड़क पर गिर गई। इसी के आधार पर पुलिस ने वाहन की पहचान कर ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संबंधित वाहन मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस महिला चालक की तलाश कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दुर्घटना के समय वाहन कौन चला रहा था और हादसे के पीछे वास्तविक वजह क्या थी। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा तेज रफ्तार, वाहन पर नियंत्रण खोने, तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से हुआ अथवा अन्य किसी कारण से। जांच के लिए फ्लाईओवर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य लोगों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि दुर्घटना की पूरी तस्वीर सामने आ सके।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के कारणों और जिम्मेदारी को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर राजधानी में तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं। इसके साथ ही पुलिस से नियंत्रित गति और समझदारी से वाहन चलाने की अपील की है, इन दुर्घटनाओं में रोजाना कई लोग अपनी जान गवां रहे है और ईलाज भी आसानी से नहीं हो पा रहा है।