तेलीबांधा चौक स्थित सुन्दरानी हार्डवेयर में लगी भीषण आग, ऑक्टोपस बार सहित चार दुकानें और 6 दुपहिया जलकर हुये खाक, देखें विडियो।

रायपुर : राजधानी के तेलीबांधा चौक स्थित दुकानों में आधी रात भीषण आग लगने से अफरातफरी मच गई। यहाँ आधी रात करीब 1 बजे सुंदरानी हार्डवेयर में अचानक आग लगी, जिसने पास ही स्थित ऑक्टोपस बार सहित करीब 4 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इसके साथ ही दुकानों के सामने करीब 6 से ज्यादा दुपहिया वाहन भी जलकर खाक हो गये। शुरुआती जानकारी के अनुसार आग एक हार्डवेयर दुकान में लगी थी, लेकिन कुछ ही देर में उसने विकराल रूप धारण कर लिया और ऑक्टोपस बार सहित आसपास की चार दुकानों और पास के होटल को भी अपनी चपेट में ले लिया। यह आग इतनी भयावह थी कि रात को होने वाली तेज बारिश भी इसे रोक नहीं सकी। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 13 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया। सुबह तक घटनास्थल से धुआं उठता रहा।

घटना को लेकर बताया जा रहा है कि बार की ऊपरी मंजिल में कई लोग फंसे हुए थे, जो आग लगने के बाद दो से तीन छतों से कूदकर बाहर निकले। इतना ही नहीं दुकानों के साइड वाले घर में कुछ लोग सो रहे थे। उनको उठाकर बाहर निकाला गया, जिससे उनकी जान बच गई। आग लगने की सूचना के बाद मौके पर फायर ब्रिगेड, पुलिस समेत SDRF की टीमें पहुंची। जब तक फायर ब्रिगेड़ के वाहन मौके पर पहुंचते, तब तक सुंदरानी हार्डवेयर में पेंट सहित कई ज्वलनशील सामान रखे होने के कारण आग ने विकराल रूप लेकर आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। यह भयानक आग लगातार बढती रही।

मामले के अनुसार सुंदरानी हार्डवेयर में पेंट, थिन्रर सहित कई ज्वलनशील सामान रखे हुये थे, जिनके जलने से पानी से करीब 4 से 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद भी आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाने के बाद उरला, खमतराई और धरसींवा इलाकों में स्थित बजरंग पावर सहित कई निजी पॉवर प्लांटों की निजी दमकल वाहनों को मौके पर बुलवाया गया। हालांकि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगना बताया जा रहा है, लेकिन आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हैं। वहीँ थीनर में आग लगने को प्रथमदृष्टया कारण माना जा रहा है, जो कि अभी स्पष्ट नहीं है।

फिलहाल आग से कितने का नुकसान हुआ है, वो आंकलन के बाद ही खुलासा हो सकेगा। लेकिन सभी दुकानों में रखा पूरा सामान जलकर स्वाहा हो गया।

दुकानदार बोले खबर मिलते ही दौड़कर पहुंचे :

इस घटना में प्रभावित भोजनालय संचालक बॉबी तोलानी ने बताया कि रात करीब 1 बजे उन्हें आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही वे बिना देर किए दुकान पहुंचे, लेकिन तब तक आग पूरी इमारत में फैल चुकी थी। उन्होंने बताया कि सामान बचाने का कोई मौका नहीं मिला और देखते ही देखते सब कुछ जल गया। आग की लपटें पास के होटल तक भी पहुंच गईं। होटल में ठहरे लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को अपना सामान निकालने तक का समय नहीं मिला। होटल को भी आग से नुकसान पहुंचा है। इस घटना से आसपास के लोग दहशत में रहे।

भारी नुकसान, कारणों की जांच जारी :

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ऑक्टोपस बार सहित कम से कम तीन दुकानों को भारी नुकसान हुआ है। कई वाहन भी जलकर खाक हो गए। प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस और फायर विभाग की संयुक्त जांच जारी है। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और पूरी रात आग बुझाने का अभियान चलाया। दमकलकर्मियों ने आसपास की इमारतों तक आग फैलने से रोकने के लिए लगातार प्रयास किए। फिलहाल आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है, लेकिन एहतियात के तौर पर टीम मौके पर तैनात है और कूलिंग का काम जारी है। वहीँ पुलिस आग लगने के कारणों की जांच करने में जुट गई है।

देखें विडियो :