रायगढ़ : शहर में जगह – जगह चल रहे अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्यवाही की है। इस मामले में साईबर थाना, कोतवाली और जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के लालटंकी दानीपारा और मिट्ठूमुड़ा दुर्गा चौक में एक साथ छापेमारी कर देह व्यापार के दो अड्डों का भंडाफोड़ किया है। कार्यवाही के दौरान यहाँ दो महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके साथ ही लालटंकी से दो नाबालिग बालिकाओं को पुलिस ने मुक्त कराया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में प्रभारी नगर पुलिस अधीक्षक एवं साईबर डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में थाना साइबर, कोतवाली एवं जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के दो अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमार कार्यवाही कर अनैतिक देह व्यापार के दो अड्डों का भंडाफोड़ किया है।
इस कार्यवाही के दौरान दो महिलाओं सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो नाबालिग बालिकाओं को संरक्षण में लेकर काउंसलिंग के बाद उनके परिजनों को सुपुर्द किया गया है। जिसके बाद दोनों मामलों में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 एवं पॉक्सो अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है, जिसको लेकर पुलिस ने कार्यवाही की बात कही है।
लालटंकी दानीपारा में चल रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ :
इस मामले में कोतवाली पुलिस को मुखबीर से सूचना मिली थी कि लालटंकी दानीपारा स्थित लक्ष्मी शर्मा के मकान में लड़कियों को बुलाकर देह व्यापार कराया जा रहा है, जहाँ कमरों में आपतिजनक हरकतें हो रही है। वहीँ इस सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से एक पाइंटर ग्राहक को 1,500 रुपये देकर मकान भेजा। जिसके बाद पूर्व निर्धारित संकेत मिलते ही प्रभारी सीएसपी एवं साइबर डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में थाना प्रभारी साईबर विजय चेलक, उप निरीक्षक संजय नाग, ऐनु देवांगन, विजय एक्का एवं संयुक्त पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
इस छापेमारी के दौरान मकान में संचालिका लक्ष्मी शर्मा (46 वर्ष) पति मौजूद मिली। उसके कब्जे से पाइंटर को दिए गए 500-500 रुपये के तीन नोट (कुल 1,500 रुपये) एवं एक सैमसंग का मोबाईल भी बरामद किया गया। तलाशी के दौरान मकान के एक कमरे में एक नाबालिग बालिका के साथ ऋषभ शर्मा (24 वर्ष) तथा दूसरे कमरे में एक अन्य नाबालिग बालिका भी मिली। मकान से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई है। मामले की पूछताछ में लक्ष्मी शर्मा ने स्वीकार किया है कि वह पिछले एक-दो वर्षों से लड़कियों को बुलाकर अपने मकान में देह व्यापार करवा रही थी तथा ग्राहकों से प्राप्त राशि में से लड़कियों को प्रतिदिन भुगतान करती थी।
मामले की जांच में आरोपियों द्वारा अवैध रूप से देह व्यापार कराकर आर्थिक लाभ अर्जित करना पाया गया है। थाना कोतवाली में आरोपी महिला (1) लक्ष्मी शर्मा पति साजीव वर्गीस उम्र 46 वर्ष निवासी लाल टंकी दानीपारा वार्ड नम्बर 12 रायगढ़, (2) ऋषभ शर्मा पिता राजेश शर्मा उम्र 24 वर्ष निवासी लाल टंकी दानीपारा वार्ड नम्बर 12 रायगढ़ के विरूद्ध अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4 एवं 5 तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम, 2012 की धारा 14 के तहत कार्यवाही की गई है । कार्यवाही में रेस्क्यु करायी गई दोनों नाबालिगों का कॉउंसलिंग करवाया जा रहा है, उनसे किस तरह से इस घृणित कार्य के लिये राजी करवाया गया है।
दूसरी कार्यवाही : मिट्ठूमुड़ा दुर्गा चौक में भी चल रहा था देह व्यापार :
इसी दौरान थाना साईबर एवं थाना जूटमिल की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर मिट्ठूमुड़ा दुर्गा चौक स्थित सुनीता मेहर के मकान पर भी योजनाबद्ध कार्रवाई की। यहां भी पुलिस ने पहले पाइंटर ग्राहक भेजा और संकेत मिलते ही टीम ने मकान में दबिश दी। छापेमारी के दौरान सुनीता मेहर मौके पर मिली। वहीँ मकान के एक कमरे में एक महिला तथा अभय सिंह (42 वर्ष) निवासी मूलतः जिला सिवान (बिहार), वर्तमान निवासी चिराईपानी लेबर कॉलोनी, पूंजीपथरा, संदिग्ध अवस्था में मिले। कार्यवाही के दौरान पूछताछ में दोनों ने अनैतिक कार्य के उद्देश्य से कमरे में होना स्वीकार किया।
पुलिस की तलाशी में यहाँ भी आपत्तिजनक सामग्री बरामद हुई। मकान में मौजूद दो अन्य महिलाओं ने भी बताया कि वे सुनीता मेहर के बुलावे पर देह व्यापार के लिए वहां आई हुई थीं। आरोपी महिला (1) – सुनीता मेहर पति बिहारी लाल उर्फ राकेश मेहर उम्र 48 साल निवासी छातामुडा वर्तमान पता बाझीनपाली थाना जूटमिल रायगढ़ (2) – अभय सिंह (42 वर्ष) निवासी मूलतः जिला सिवान (बिहार), वर्तमान निवासी चिराईपानी लेबर कॉलोनी, पूंजीपथरा पर थाना जूटमिल में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4 एवं 5 के तहत कार्यवाही की गई है। इस मामले में कार्यवाही के बाद रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अनैतिक गतिविधियों, महिलाओं एवं बच्चों के शोषण तथा संगठित अपराधों के विरुद्ध इसी प्रकार की सघन कार्यवाही आगे भी लगातार जारी रहेगी। ऐसे घिनौने कार्य बिल्कुल भी शहर में बर्दाश्त नहीं किये जायेंगे।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश :
वहीँ मामलों में कार्यवाही को लेकर पुलिस ने ऐसे मामलों में सख्ती बरतने की बात कही है, “महिलाओं और बच्चों के शोषण से जुड़े अपराधों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस की कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। अनैतिक देह व्यापार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति या गिरोह को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। नागरिकों से अपील है कि ऐसे मामलों की सूचना तत्काल पुलिस को दें, उनकी पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।”



