खुले में फेंके गये 6,000 एक्सपायरी बिस्किट के पैकेट, गाय-कुत्तों के खाने के बाद लोगों में पनपा आक्रोश।

बालोद : बचा कुचा भोजन हो या एक्सपायर सामान सब जानवरों को डाल देना इंसानी फितरत है, ऐसे ही बालोद जिले के चिखलाकसा में एक्सपायर हो चुके लगभग 6,000 बिस्किट पैकेट खुली जगह फेंकी हुई मिली है। जहाँ प्रस्तावित केंद्रीय विद्यालय के पास बरसाटोला रोड के सड़क किनारे बड़ी संख्या में एक्सपायरी बिस्किट के पैकेट फेंक दिए गए है, इस तरह खुले में खाद्य सामग्री को फेंके जाने से स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों पर सवाल खड़े हो गए हैं। इससे क्षेत्र में बीमारी फैलने की समस्या भी कई बार खड़ी हो जाती है।

बताया जा रहा है कि मौके पर करीब 500 बिस्किट के पुड़े पड़े हुये मिले है, हर पुड़े में लगभग 12 पैकेट थे। इस तरह एक्सपायर हो चुके करीब 6 हजार बिस्किट पैकेट फेंक दिए गए हैं। ये सभी पैकेट जुबिलो और मोई-मोई कंपनी के बताए जा रहे हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 30 हजार रुपए है, वहीँ खुले में फेंके गये इन पैकेटों को भूखे गाय और कुत्ते खाते हुये भी नजर आए, जिससे लोगों ने स्वास्थ्य और पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव को लेकर चिंता जताई है।

अलग-अलग एक्सपायरी डेट वाले सीलबंद पैकेट :

कुछ पैकेट खोलकर देखने पर 6 फरवरी 2026, 19 फरवरी 2026 और 10 मई 2026 की एक्सपायरी डेट दर्ज मिली है। इसको लेकर बताया जा रहा है कि अधिकांश पैकेट पूरी तरह सीलबंद थे। यह मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने जिम्मेदारों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है। इसको लेकर खाद्य विभाग की टीम से सभी एक्सपायरी सामग्री को जब्त करने की ग्रामीणों ने मांग की है, तो वहीं इस गलती के जिम्मेदार व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कार्यवाही करने की मांग की है। इस मामले पर खाद्य विभाग का कहना है कि मामले की जांच कर कार्यवाही की जाएगी। वहीँ खाद्य विभाग ने ऐसी किसी भी सामग्री को खुले स्थान पर फेंकने से मना किया है।