रायपुर : वाहनों में आग लगना आजकल आम बात हो गई है, ऐसे ही रायपुर के भाठागांव क्षेत्र में सोमवार को चलती हुई बाईक पर अचानक आग लग गई। बताया गया है कि युवक होंडा शाइन बाइक से भाठागांव से तेलीबांधा की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक से अचानक धुआं निकलने लगा और कुछ ही सेकेंड में आग की लपटों ने पूरी बाईक को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान खतरा भांपते ही युवक ने बाईक रोककर तुरंत छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। इस खौफनाक घटना के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक धू-धूकर जलने लगी, जिससे कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैल गई। इसके बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। इस दौरान घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल :
इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सड़क किनारे बाईक आग की लपटों में घिरी नजर आ रही है। राहगीरों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जो तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और चालक सुरक्षित है।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका :
शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वाहन से धुआं, जलने की गंध या किसी तरह की तकनीकी खराबी महसूस होने पर तुरंत वाहन रोककर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं और संबंधित विभाग को सूचना दें। कोई भी वाहन चलाते समय जागरूक रहे है, लापरवाही ना बरतें।



